Newzfatafatlogo

गव्य विकास पर प्रशिक्षण देने पहुंचे आदेशपाल, भड़के मुखिया

 | 
गव्य विकास पर प्रशिक्षण देने पहुंचे आदेशपाल, भड़के मुखिया


गव्य विकास पर प्रशिक्षण देने पहुंचे आदेशपाल, भड़के मुखिया


पलामू, 22 फ़रवरी (हि.स.)।राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर से फटकार सुनकर चर्चा में आने वाले जिला पशुपालन पदाधिकारी के विभाग ने नया कारनामा कर दिया है। जिला मुख्यालय से सटे चैनपुर प्रखंड कार्यालय सभागार में शनिवार को कृषि व पशुपालन विभाग की ओर से आयोजित ओरिएंटेशन कार्यक्रम में विभाग का आदेशपाल गव्य विकास पर प्रशिक्षण देने पहुंच गया। बात यही तक सीमित नहीं रही। आदेशपाल ने बिना तैयारी के कार्यक्रम का प्रतिनिधित्व किया। इससे कई मुखिया भड़क गए एवं आपति दर्ज करायी।

दरअसल प्रखंड कार्यालय सभागार में शनिवार को कृषि और पशुपालन विभाग की ओर से ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मुखिया को संबंधित जानकारी दी जानी थी। कार्यक्रम में गव्य विकास की ओर से आदेशपाल को विभाग का प्रतिनिधित्व करने भेज दिया। आदेशपाल बिना किसी तथ्यों के कार्यक्रम में पहुंच गए। इस पर कई मुखिया ने आपत्ति जताई।

कार्यक्रम में चैनपुर के भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ इंद्रजीत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत पशुपालकों को अनुदानित दर पर पशुधन उपलब्ध कराए जाते हैं। इससे संबंधित योजनाओं की जानकारी मुखिया अपने पंचायतवासियों को दें और जागरूकता फैलाएं।

कार्यक्रम में मुखिया ने आरोप लगाया कि गव्य विकास विभाग की ओर से क्षेत्र विशेष के लोगों को ही अधिक योजनाओं का लाभ दिया जाता है। चयन प्रक्रिया में अनियमितता बरती जाती है। यदि जांच हो तो अनियमिता स्वतः ही उजागर हो जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार