Newzfatafatlogo

पलवल :पूर्व विधायक केहर सिंह फिर से भाजपा में शामिल

 | 
पलवल :पूर्व विधायक केहर सिंह फिर से भाजपा में शामिल


पलवल, 24 फ़रवरी (हि.स.)। पलवल में हथीन विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक केहर सिंह रावत ने सोमवार को एक बार फिर भाजपा का दामन थाम लिया। उन्होंने रोहतक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेशाध्यक्ष की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली। केहर सिंह का राजनीतिक सफर उतार-चढ़ाव से भरा रहा है। वे 2014 से 2019 तक इनेलो से विधायक रहे। इसके बाद भाजपा में शामिल हुए। 2019 में भाजपा ने प्रवीण डागर को टिकट दिया, तो वे चुनाव नहीं लड़े। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के साथ रहे। लेकिन विधानसभा में टिकट न मिलने पर पार्टी छोड़कर निर्दलीय चुनाव लड़े। हालांकि, वे चुनाव हार गए।

पूर्व विधायक केहर सिंह रावत ने बातचीत में बताया कि भारतीय जनता पार्टी सभी 36 बिरादरी को साथ लेकर चल रही है, और यह पार्टी समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए काम कर रही है। रावत के अनुसार, भाजपा की कार्यशैली और उसके द्वारा किए गए विकास कार्यों ने आम जनता तक कई सकारात्मक बदलाव पहुंचाए हैं। उन्होंने पार्टी के कामकाज को सराहा और बताया कि कैसे भाजपा ने समग्र समाज के लिए योजनाएं बनाई हैं जो हर एक बिरादरी के कल्याण को ध्यान में रखकर बनाई गई हैं।

रावत ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कार्यशैली ने उन्हें प्रभावित किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा देश के विकास को प्राथमिकता दी है और उनके नेतृत्व में देश ने कई अहम बदलाव देखे हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रदेश में किए गए कार्य और उनकी सोच भी रावत को बहुत आकर्षित करने वाली रही है। इन दोनों नेताओं के काम और उनके दृष्टिकोण को देखते हुए रावत ने एक बार फिर भाजपा में लौटने का निर्णय लिया है।

रावत के अनुसार, भाजपा की नीति और कार्यशैली ने उन्हें विश्वास दिलाया है कि यह पार्टी देश और प्रदेश के विकास के लिए सही दिशा में काम कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के साथ उनका जुड़ाव सिर्फ व्यक्तिगत नहीं बल्कि समाज के लिए भी है, ताकि ज्यादा से ज्यादा विकास कार्यों को प्रभावी तरीके से जमीन पर उतारा जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग