Newzfatafatlogo

फतेहाबाद:एचकेआरएन से 36 कर्मचारियों को हटाने पर पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल यूनियन ने किया विरोध

 | 
फतेहाबाद:एचकेआरएन से 36 कर्मचारियों को हटाने पर पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल यूनियन ने किया विरोध


फतेहाबाद, 10 जनवरी (हि.स.)। हरियाणा कौशल रोजगार निगम में कार्यरत 36 कर्मचारियों को हटाने पर कर्मचारी वर्ग में काफी रोष है। इसको लेकर हरियाणा गर्वमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्करज यूनियन सम्बंधित हरियाणा संयुक्त कर्मचारी संघ, शाखा जनस्वास्थ्य मंडल फतेहाबाद की रोष मीटिंग शुक्रवार को जलघर प्रांगण में हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला वरिष्ठ उप्रधान एवं राज्य उपाध्यक्ष धर्मपाल दरियापुर ने की। बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम में कार्यरत 36 कर्मचारियों की नौकरी पर कैंची चला दी गई है। यह कर्मचारी सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग में रोजगार कौशल निगमऔर आऊटसोर्सिंग पॉलिसी-2 के तहत कार्यरत थे। गु्रप डी के तहत हुई पक्की भर्ती के कर्मचारियों की नियुक्ति को लेकर ऐसा किया गया है। उन्होंने कहा कि गु्रप डी में बेलदार व चपड़ासी की नियुक्ति होने के बाद सिंचाई विभाग की भाखड़ा वॉटर सर्विस सर्कल कैथल के अंतर्गत नरवाना डिवीजन के 36 कर्मचारियों को कार्यमुक् त किया गया है, जिससे संगठन में रोष है। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि चुनाव से पहले अपने संकल्प पत्र में भाजपा ने कहा था कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत सभी कर्मचारियों को पक्का किया जाएगा और सत्ता में आने के बाद कर्मचारियों के विरूद्ध फैसला लिया गया है। हरियाणा में 1.20 लाख कर्मचारियों की जॉब सुरक्षा 58 साल कर दी गई है। 36 कर्मचारियों को कार्यमुक्त करने के फैसला का हरियाणा गर्वमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्करज यूनियन कड़ा विरोध करती है और चेतावनी देती है कि अगर समय रहते हरियाणा सरकार ने इन कर्मचारियों को दोबारा नौकरी पर नहीं लिया तो आने वाले समय में संगठन बड़ा आंदोलन शुरू करने पर मजबूर होगा। मीटिंग में धर्मपाल दरियापुर ने हरियाणा सरकार को कोसते हुए कहा कि इन सभी कर्मचारियों को वास सेवा दी जाए। हरियाणा सरकार अपने संकल्प पत्र को पवित्र ग्रंथ बताती है तो उसे अपने वायदों के खिलाफ ऐसा कदम नहीं उठाना चाहिए। बैठक में बैजनाथ, बलबीर, राधेश्याम, जयविन्द्र, मान सिंह, सुंदर लाल, रवि, मुकेश, संजय, शमशेर, विशाल, मोहित, प्रदीप, जोनी, जसवंत सहित अनेक कर्मचारियों ने भाग लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा