चित्रकला प्रतियोगिता में रामगढ़ पूरे राज्य में रहा अव्वल
रामगढ़, 22 फ़रवरी (हि.स.)। झारखंड स्टेट लीगल सर्विसेज ऑथोरिटी (झालसा), रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार रामगढ़ द्वारा चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। चित्रकला प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कलाकारों की पेंटिंग झालसा को भेजी गई थी। राज्य के 24 जिले से आए हुए पेंटिंग में रामगढ़ जिले का स्थान सबसे ऊपर रहा।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश आलोक कुमार दुबे की अध्यक्षता में जिला विधिक सेवा प्राधिकार रामगढ़ के द्वारा जिले के सभी हाई स्कूलों में चित्रकार एवं निबंध प्रतियोगिता आयोजित हुई थी। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता की कॉपियों की जांच कर सर्वश्रेष्ठ चित्र तथा निबंध को चयनित कर झालसा रांची को भेज दिया गया।
पूरे झारखंड राज्य में चित्रकला तथा निबंध दोनों ही प्रतियोगिता में रामगढ़ जिला को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। चित्रकला में छात्र आशुतोष कुमार गुप्ता कक्षा बारहवीं आर्ट्स, विद्यालय एस. एस. प्लस 2 हाई स्कूल, पतरातु एवं निबंध प्रतियोगिता में दीपू कुमारी, कक्षा नवम, विद्यालय एस. एस. हाई स्कूल गोला, रामगढ़ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दोनों बच्चों को झालसा के पदाधिकारियों द्वारा रविवार को सम्मानित किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश