Newzfatafatlogo

फरीदाबाद : 20 लाख की डकैती का खुलासा, पांच बदमाश गिरफ्तार

 | 
फरीदाबाद : 20 लाख की डकैती का खुलासा, पांच बदमाश गिरफ्तार


पुलिस ने सुलझाई लूट की घटना की गुत्थी

फरीदाबाद, 26 फरवरी (हि.स.)। डेढ़ माह पूर्व सेक्टर-7 स्थित तरुण ज्वेलर्स शोरूम में हुई डकैती की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 के इंचार्ज अनिल कुमार ने बुधवार को बताया कि सात जनवरी को छह नकाबपोश बदमाश ज्वेलरी शोरूम में घुसे और हथियारों के बल पर करीब बीस लाख रुपए के आभूषण और नकदी लूटकर फरार हो गए। वारदात के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी और अब करीब डेढ़ महीने की जांच के बाद मामले में बड़ी सफलता मिली है। अनिल कुमार ने बताया कि गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और इनमें से एक आरोपी दिल्ली में किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस ने बिजनौर से रिजवान, अमरोहा से मोहम्मद अहमद, गजरौला का मुबीन, अमरोहा का सौरभ, चांदपुर के इरशाद को धर-दबोचा। पुलिस जांच में पता चला कि गिरोह का सरगना सौरव है, जो पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। उस पर गैंगस्टर एक्ट भी लगा हुआ है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह लूट और डकैती की दर्जनों वारदातों में शामिल रहा है। पुलिस आरोपियों से लूटे गए आभूषणों, हथियारों और वारदात में इस्तेमाल किए वाहनों की बरामदगी के लिए पूछताछ कर रही है। इसके अलावा आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। क्राइम ब्रांच के अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार छठे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस की टीम इस पर लगातार काम कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर