शिवरात्रि पर औघड़नाथ मंदिर की व्यवस्था संभालने में जुटे आरएसएस स्वयंसेवक


मेरठ, 02 अगस्त (हि.स.)। आपदा हो या कोई उत्सव, सबसे आगे दिखने वाले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक शुक्रवार को शिवरात्रि पर भी कांवड़ियों की सेवा में सबसे आगे नजर आए। शुक्रवार को आरएसएस के स्वयंसेवक मेरठ कैंट स्थित औघड़नाथ मंदिर में व्यवस्था संभालने में जुटे रहे।
देश में किसी भी आपदा में आरएसएस के स्वयंसेवक राहत और बचाव कार्य में सबसे पहले पहुंचते हैं और बिना किसी भेदभाव के पीड़ितों की सहायता करते हैं। कोरोना हो या कहीं भूकंप आया हो या भूस्खलन की घटनाएं हुई हों, सभी स्थानों पर आरएसएस के स्वयंसेवकों ने व्यवस्था संभाली। शुक्रवार को शिवरात्रि पर लाखों कांवड़िए शिव मंदिरों में जलाभिषेक कर रहे थे। ऐसे में मेरठ के प्राचीन अघौड़नाथ मंदिर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के अनेक कार्यकर्ता व्यवस्था संभालते दिखे। आरएसएस के मेरठ महानगर के प्रचार प्रमुख संजीव गर्ग के अनुसार, सुबह चार बजे से पूर्ण गणवेश में लगातार शासन, प्रशासन के साथ स्वयंसेवकों ने सम्पूर्ण व्यवस्था संभाली। संघ के स्वयंसेवकों ने सभी शिवभक्तों को सुगमता से जलाभिषेक करवाने में सहयोग किया। मंदिर के अंदर और बाहर की व्यवस्था में कुल 40 संघ कार्यकर्ता तैनात थे। उन्होंने मंदिर के बाहर की सड़कों और मुख्य चौराहे पर यातायात व्यवस्था, मंदिर के मुख्य द्वार पर भीड़ प्रबंधन, और मंदिर के अंदर भी सेवा और श्रद्धा भाव से व्यवस्था को संभाला। कांवड़िए भी आरएसएस स्वयंसेवकों के अनुशासन और कार्यों की प्रशंसा करते नजर आए।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.कुलदीप त्यागी / Siyaram Pandey