Newzfatafatlogo

किसानों की समृद्धि के लिए है सम्मान निधि : संजय सेठ

 | 
किसानों की समृद्धि के लिए है सम्मान निधि : संजय सेठ


रांची, 24 फरवरी( हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डीबीटी के माध्यम से सोमवार को देश के किसानों को पीएम सम्मान निधि की 19 वीं किस्त किसानों के खाते में हस्तांतरित की। इस दौरान किसान विकास केंद्र, रामकृष्ण मिशन, रांची में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ मौजूद रहे। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान, कृषि वैज्ञानिक और कृषि कार्यों में रुचि रखने वाले प्रबुद्ध भी मौजूद रहे।

मौके पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि किसान सम्मान निधि किसानों की समृद्धि के लिए है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में चार वर्गों की बात की है, जिसमें प्रमुख वर्ग हमारे अन्नदाता किसान हैं। किसानों का ख्याल रखना, कृषि से जुड़ी उनकी जरूरत का ख्याल रखना, यह नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार कर रही है। इसी के तहत प्रतिवर्ष किसानों को सम्मान राशि के रूप में छह हजार दिए जाते हैं ताकि कृषि कार्यों में उनकी जरूरतें पूरी हो सके।

नई तकनीक से खेती करने वाले पांच किसान सम्मानित

कार्यक्रम में प्राकृतिक खेती और इसके व्यापक प्रचार प्रसार के लिए अनगड़ा के किसान संतोष बेदिया और दीपेंद्र बेदिया, मधुमक्खी पालन में उत्कृष्ट योगदान के लिए रातू के किसान मनरखन महतो, नई तकनीकी के द्वारा कृषि कर अपनी उपज में अप्रत्याशित वृद्धि प्राप्त करने वाली अनगड़ा की महिला किसान सोनी देवी और पार्वती देवी को रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने सम्मानित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे