(अपडेट) पेपर लीक मामले में छह गिरफ्तार

कोडरमा, 25 फ़रवरी (हि.स.)। झारखंड 10वीं बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में कोडरमा पुलिस ने मंगलवार की सुबह गिरिडीह के न्यू बरगंडा में छापा मारा। वहां से छह लोग गिरफ्तार किये गए हैं। कोडरमा एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में हुई छापेमारी में कई मोबाइल फोन और प्रश्न पत्र भी बरामद किए गए हैं।
पेपर लीक से संबंधित साक्ष्य भी मिले हैं, वहीं गिरफ्तार किए गए लोगों में एक मास्टरमाइंड भी बताया जाता है। सभी गिरफ्तार लोगों को लेकर पुलिस कोडरमा पहुंची जिनसे पूछताछ की जा रही है। उल्लेखनीय है कि पेपर लीक मामले में झारखंड एकेडमिक काउंसिल की ओर से आदेश जारी होने के बाद जिला प्रशासन जांच कर रही है। इस बाबत मरकच्चो थाना में मामला 14/25 दर्ज किया गया था और दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। इनमें प्रशांत कुमार साव और आशीष कुमार साव शामिल हैं। प्रशांत मरकच्चो प्रखंड के जामू में एक प्राइवेट स्कूल और कोचिंग सेंटर चलाता है। दोनों को पुलिस ने रिमांड पर लिया है और लगातार पूछताछ की जा रही है।
प्रश्न पत्र उतारने वालों ने पेपर किया लीक
कोडरमा एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि काण्ड का उद्भेदन व संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए कोडरमा जिला में कई विशेष टीम का गठन किया गया। गुप्त सूचना के आधार पर बीती रात्रि गिरिडीह जिला के नगर थाना क्षेत्र के न्यू बरगंडा क्षेत्र से रोहित कुमार नामक एक व्यक्ति को पकड़ा गया। उसके निशानदेही पर अन्य पांच व्यक्तियों को पकड़ा गया। पकड़े गए लोगों ने बताया कि इन लोगों को गिरिडीह जिला में प्रश्न पत्र वाहन से उतारने के लिए श्रमिक के रूप में कार्य पर लगाया गया था। गिरिडीह जिला में प्रश्न पत्र वाहन से उतारने के दौरान सील पैक प्रश्न पत्र को ब्लेड से काटकर उनमें से निकाला गया एवं उसका पीडीएफ बनाकर वायरल किया गया।
इनके मोबाईल में प्रश्न पत्र पाया गया तथा छानबीन के क्रम में इनके पास से 10वीं विज्ञान का प्रश्न पत्र भी पाया गया है, जिसका सत्यापन किया जा रहा है। प्रश्न पत्र का पीडीएफ बनाते समय प्रश्न पत्र जिस कम्बल एवं चटाई में रखा गया था, उसका फोटो पीडीएफ में आया है उस चटाई और कम्बल को भी बरामद किया गया है। पकड़ाये व्यक्तियों में रोहित कुमार, मुकेश कुमार, लालमोहन कुमार, अंशु कुमार पाण्डेय, कृष्णा कुमार पाण्डेय और कमलेश कुमार शामिल हैं, जिनके उम्र, व्यवसाय, पता आदि का सत्यापन किया जा रहा है। छापेमारी दल में अनिल कुमार सिंह, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, रतिभान सिंह, पुलिस उपाधीक्षक, पुनि विनोद कुमार, पुनि विनय कुमार, अरविन्द कुमार, पुअनि सौरभ कुमार सहित सशस्त्र बल शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव समीर