मौसम साफ होते ही बढ़ने लगा तापमान
रांची, 25 फ़रवरी (हि.स.)। राज्य भर में मौसम साफ होते ही तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की जाने लगी। मंगलवार को रांची में अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सोमवार को यह 27.1 डिग्री था। इसी प्रकार जमशेदपुर में 30.5 डिग्री के मुकाबले मंगलवार को तापमान 32 डिग्री दर्ज किया गया।
इसके अलावा चाईबासा में भी मंगलवार को सोमवार की तुलना में अधिकतम तापमान में एक डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। यहां का तापमान 31.8 डिग्री के मुकाबले 32.4 डिग्री दर्ज किया गया।
वहीं रांची और आसपास के इलाकों में मंगलवार को दिनभर मौसम साफ रहा, दोपहर में आंशिक बादल छाया रहा। तीन चार दिनाें पूर्व हुई बारिश के कारण धूप में तपिश नहीं है। वहीं शाम में ठंड का एहसास हुआ। मौसम विभाग के अनुसार 27 से एक मार्च तक राज्य के उत्तर –पश्चिमी जिले पलामू, गढ़वा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा में आंशिक बादल छाये रहने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak