Newzfatafatlogo

धान मंडियों में नहीं लगी कोई बोली, राज्य की सभी 245 मंडियों में व्यापारी 26 फरवरी तक हड़ताल पर

 | 
धान मंडियों में नहीं लगी कोई बोली, राज्य की सभी 245 मंडियों में व्यापारी 26 फरवरी तक हड़ताल पर


हनुमानगढ़, 24 फ़रवरी (हि.स.)। राजस्थान में व्यापारियों की हड़ताल के कारण कृषि जिंसों की खरीद-बिक्री दूसरे दिन भी प्रभावित रही। राजस्थान खाद्य पदार्थ व्यापार संघ के आह्वान पर राज्य की सभी 245 मंडियों में व्यापारी 23 से 26 फरवरी तक हड़ताल पर हैं।

हनुमानगढ़ की धान मंडियों में सोमवार को कोई बोली नहीं लगी। हड़ताल की जानकारी के चलते किसान भी मंडी नहीं आए। जंक्शन धानमंडी में व्यापारियों ने धरना देकर नारेबाजी की।

व्यापार मंडल अध्यक्ष प्यारेलाल बंसल और पूर्व अध्यक्ष महावीर सहारण ने व्यापारियों की मांगों की जानकारी दी। प्रमुख मांगों में कृषक कल्याण शुल्क की समाप्ति, मोटे अनाज पर आढ़त की दर 2.25 रुपए प्रति सैंकड़ा करना और सभी कृषि जिंसों पर मंडी शुल्क एक प्रतिशत करना शामिल है। साथ ही राज्य के बाहर से आने वाली कृषि जिंसों पर मंडी शुल्क और कृषि कल्याण शुल्क खत्म करने की मांग है।

मंगलवार को जयपुर में दोपहर 12 बजे एक महत्वपूर्ण बैठक होगी। इसमें जिले के व्यापारी भी शामिल होंगे। बैठक में आगामी आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी। व्यापारियों का कहना है कि सरकार के अड़ियल रवैये के कारण आंदोलन और तेज हो सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव