Newzfatafatlogo

सुबह मां तो शाम को बेटी का शव भी उसी जगह झील में मिला

 | 
सुबह मां तो शाम को बेटी का शव भी उसी जगह झील में मिला


उदयपुर, 25 फ़रवरी (हि.स.)। उदयपुर शहर के फतहसागर झील में मंगलवार सुबह एक महिला का शव मिला। सुबह-सुबह मॉर्निंग वॉक कर रहे लोगों को जब शव दिखा तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटना की जांच शुरू की ही थी कि शाम होते होते उसी जगह पर एक और शव मिला। चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि शाम को मिला शव सुबह मृत महिला की बेटी का बताया गया। इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

मंगलवार सुबह करीब 7 बजे फतहसागर झील के काले किंवाड़ के पास झील में महिला का शव दिखा। वहां घूम रहे लोगों ने शोर मचाया तो वहां पर भीड़ जमा हो गई। उनमें से किसी ने पुलिस को सूचना दी। इस बीच पुलिस कंट्रोल रूम से सिविल डिफेंस की टीम को सूचना दी।

बाद में मौके पर टीम और अम्बामाता पुलिस भी पहुंच गई। सिविल डिफेंस की टीम ने शव को बाहर निकाला। बाद में सिविल डिफेंस की टीम ने शव पुलिस को सौंप दिया। पुलिस शव को एमबी अस्पताल की मोर्चरी लेकर गई। महिला के शव की शिनाख्त शुरू की गई।

इधर, शाम होते होते फतेहसागर झील में उसी जगह एक और शव की सूचना मिली। सूचना मिलते ही राजस्थान नागरिक सुरक्षा विभाग उदयपुर की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने शव बाहर निकाल अम्बामाता पुलिस के सुपुर्द किया। बताया जा रहा है कि यह सुबह मृत मिली महिला की बेटी थी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता