Newzfatafatlogo

महाशिवरात्रि पर सृष्टि के प्रथम शिवलिंग के पूजन को चित्रकूट में उमड़ा आस्था का सैलाब

 | 
महाशिवरात्रि पर सृष्टि के प्रथम शिवलिंग के पूजन को चित्रकूट में उमड़ा आस्था का सैलाब


-भगवान ब्रह्मा ने क्षेत्रपालक के रूप में की थी स्वामी मत्तगजेंद्रनाथ की स्थापना

-मंदाकिनी में अमृत स्नान के बाद भक्तों ने किया राजाधिराज का जलाभिषेक

चित्रकूट,26 फरवरी (हि.स.)। भगवान भोलेनाथ की आराधना के महापर्व शिवरात्रि पर देश भर से विश्व प्रसिद्ध पौराणिक तीर्थ चित्रकूट आए लाखों श्रद्धालुओं ने रामघाट पहुंच मंदाकिनी गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। इसके बाद भगवान ब्रह्मा द्वारा स्थापित राजाधिराज स्वामी मत गजेन्द्र का जलाभिषेक किया। महाशिवरात्रि पर लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के चित्रकूट आने की संभावना के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा रामघाट और कामदगिरि परिक्रमा मार्ग में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है।

मंदाकिनी के रामघाट में भगवान ब्रह्मा द्वारा स्थापित सृष्टि के प्रथम शिवलिंग स्वामी मत्तेगजेंद्र नाथ मंदिर के प्रधान पुजारी विपिन महाराज ने बताया कि सृष्टि रचना से पूर्व भगवान ब्रह्मा ने स्वामी मत गजेंद्र नाथ सरकार को चित्रकूट के क्षेत्र पालक के रूप में स्थापित किया था। पुजारी ने बताया कि वनवास काल में प्रभु श्रीराम ने भी स्वामी मत गजेंद्र नाथ सरकार से ही आज्ञा लेकर चित्रकूट में निवास किया था। महाशिवरात्रि पर देश भर से लाखों श्रद्धालु मंदाकिनी गंगा में अमृत स्नान कर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर अपने जीवन को धन्य करते हैं। वहीं चित्रकूट संत समाज के अध्यक्ष दिगम्बर अखाडा के महंत दिव्य जीवन दास महाराज ने बताया कि चित्रकूट विश्व का सबसे बड़ा और प्राचीन तीर्थ है। इसकी महिमा का अंदाजा इसी बात से किया जा सकता है कि प्रयागराज स्वयं अपने पापों के भार को कम करने के लिए वर्ष में एकबार चित्रकूट की मंदाकिनी गंगा में स्नान करने के लिए आते हैं। चित्रकूट मेें शिव और शक्ति की आराधना के बाद भी प्रभु श्रीराम को लंकापति रावण से लड़ने की शक्तियां मिली थी।बताया कि देश के कोने-कोने से लाखों श्रद्धालु चित्रकूट पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की आराधना करते है। बताया कि चित्रकूट विश्व का एकलौता तीर्थ है जहां त्रिदेवों ने लीला की है।

वहीं श्रद्धालु डा0 प्रमिला मिश्रा का कहना है कि स्वामी मतगजेन्द्र के पूजन करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। वहीं शिवरात्रि पर्व को सकुशल सम्पन्न कराने में अपर जिलाधिकारी उमेश चंद्र निगम के नेतृत्व में जुटे एडीएम न्यायिक राजेश प्रसाद और सदर एसडीएम पूजा साहू ने मेला परिक्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही मेला व्यवस्था में लगे अधिकारियों से सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।

अपर जिलाधिकारी उमेश चंद्र निगम ने बताया कि चित्रकूट विश्व प्रसिद्ध पौराणिक तीर्थ है। मंदाकिनी के रामघाट स्थित स्वामी मतगजेन्द्र नाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए देर रात से ही शिवभक्तों का जमावड़ा लगा हुआ है।श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महिला और पुरुष की अलग अलग लाइनें लगवाई गई हैं।इसके अलावा भारी सुरक्षा बल की तैनाती की गई है। इसके अलावा अपर पुलिस अधीक्षक चक्रपाणि त्रिपाठी ने भी मेला क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रतन पटेल