Newzfatafatlogo

हनोल मास्टर प्लान को मिलेगा विस्तार, महासू महाराज मंदिर के पुनर्निर्माण के लिए 120 करोड़ का प्रावधान

 | 
हनोल मास्टर प्लान को मिलेगा विस्तार, महासू महाराज मंदिर के पुनर्निर्माण के लिए 120 करोड़ का प्रावधान


देहरादून, 23 फरवरी (हि. स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत को भी संजो रही है। हनोल के मास्टर प्लान को आवश्यकतानुसार विस्तार दिया जाएगा, जिससे इस क्षेत्र में समृद्धि आएगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को त्यूनी जौनसार-बावर, देहरादून में आयोजित मुख्य सेवक संवाद-आपके द्वार' कार्यक्रम में यह बात कही। उन्हाेंने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और महिलाओं को किट वितरित की।

मुख्यमंत्री ने महासू महाराज की पवित्र भूमि को नमन करते हुए कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि उन्हें, टोंस की तट पर स्थित आध्यात्मिक चेतना विशिष्ट परंपराओं की भूमि में आने का मौका मिला। उन्होंने कहा 2022 विधानसभा परिणाम से पहले उन्होंने महासू महाराज के दर्शन किए थे। ऐसे धाम में कोई भी देवों की इच्छा के बिना नहीं आ सकता है। उन्होंने कहा वे स्वयं महाजू महाराज के अनन्य भक्त हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने जौनसार बाबर में विभिन्न विकास योजनाओं को आगे बढ़ाया है। इस क्षेत्र के पर्यटन स्थलों को विश्व पटल पर एक नई पहचान दिलाने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य आरंभ किए गए हैं। महासू महाराज मंदिर परिसर के पुनर्निर्माण के लिए 120 करोड़ का प्रावधान किया गया है। मास्टर प्लान के बाद यहां तीर्थाटन और रोजगार बढ़ेंगे। राज्य सरकार विकास के साथ विरासत को भी आगे बढ़ा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की भी प्राथमिकता में यह पूरा क्षेत्र है। भविष्य में बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस क्षेत्र में आएंगे, जिससे यहां रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि केदारखंड, मानसखण्ड में श्रद्धालुओं की निरंतर संख्या बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकासनगर में यमुना धाम और हरीपुर नगर बना रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा सत्र में कई ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा लंबे समय से हमारी जमीन और संसाधनों से छेड़छाड़ हो रही थी। कई लोग हमारी डेमोग्राफी को खराब और मूल अस्तित्व से छेड़छाड़ कर रहे थे। इस बार राज्य सरकार ने विधानसभा में जनता की मांग और जनभावनाओं के अनुरूप सशक्त भू सुधार कानून को लागू किया है। उन्होंने कहा कि हमने जो वचन उत्तराखंड की देवतुल्य जनता से किया वो सारे वचन पूरे किए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा राज्य, पूरे देश में अनेकों विषयों पर चर्चाओं में है। देश के अग्रणी राज्य में हमारे राज्य का नाम है। नीति आयोग की ओर से जारी सतत विकास लक्ष्यों की सूची में उत्तराखंड प्रथम स्थान पर आया है। बेरोजगारी दर में बीते एक साल में 4.4 प्रतिशत की कमी आई है। कर्तव्य पथ पर भी राज्य की झाकियां कभी पहले स्थान पर तो कभी टॉप 3 पर रहती हैं। ईज ऑफ डूइंग, स्टार्टअप, नवाचार हर क्षेत्र में हमारा राज्य आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्यभर में होने वाले कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाली अधिकांश हमारी बहनें होती हैं, जो मातृ शक्ति का प्रतीक है। राज्य सरकार के प्रयासों से प्रदेश के अंदर 01 लाख लखपति दीदी बनाई गई हैं। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के तहत हम महिलाओं की ओर से बनाए गए उत्पादों को भी बढ़ावा दे रहे हैं। राज्य की महिलाओं की ओर से बनाए गए उत्पादों की मांग देश और दुनिया में हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे राज्य की महिलाएं आशा की बड़ी किरण है। हमारा लक्ष्य तय है, दिशा स्पष्ट है और हम लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करेंगे। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री ने केदारनाथ धाम से 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक बताया था, जिस लक्ष्य को पाने के लिए हम निरंतर कार्य कर रहे हैं। महिलाओं की ओर से बनाए जा रहे उत्पाद राज्य के लिए गेमचैंजर साबित होंगे और राज्य को समृद्धि प्रदान करेंगे।

उन्होंने कहा कि बीते 3 सालों में बीस हजार से ज्यादा सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि आराकोट से लेकर अस्कोट तक, नीति से लेकर माणा तक, चकराता से लेकर गूंजी तक, राज्य का समेकित रूप से विकास होगा।

इस अवसर पर विधायक विकासनगर मुन्ना सिंह चौहान, विधायक पुरोला दुर्गेश्वर लाल, जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान, जिला पंचायत सदस्य मठोर सिंह चौहान, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामशरण नौटियाल, पूर्व एस.टी आयोग अध्यक्ष मूरत राम शर्मा, सचिव रणवीर सिंह चौहान, जिलाधिकारी सविन बंसल, एसएसपी अजय सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, मंडल अध्यक्ष नीरज शर्मा, प्रधान राजा राम शर्मा, प्रताप सिंह रावत, एसडीएम कालसी गौरी प्रभात, एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार