Newzfatafatlogo

लापता नामी अपराधी का शव नाले में मिला

 | 

नई दिल्ली, 22 फरवरी (हि.स.)। दक्षिण पश्चिमी जिले के वसंत कुंज नॉर्थ इलाके में चार दिन से लापता नामी अपराधी का शव कुसुमपुर पहाड़ी के पीछे गंदे नाले में मिला। मृतक की पहचान नवीन (28) के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ ई-ब्लॉक कुसुमपुर पहाड़ी में रहता था। मृतक वसंत विहार इलाके का घोषित अपराधी था।

पुलिस जांच में सामने आया कि नवीन नशे का आदी था। वह शराब व ड्रग्स का सेवन करता था। मृतक के शरीर पर चोट का कोई निशान न मिलने पर पुलिस इसे हादसा मान रही है। दक्षिण पश्चिमी जिलेके डीसीपी सुरेंद्र चौधरी ने घटना के पीछे किसी भी आशंका से इनकार किया है।

डीसीपी के अनुसार राहगीरों ने कुसुमपुर पहाड़ी ई-ब्लॉक के पीछे गंदे नाले में एक शव पड़ा होने की सूचना दी। वसंतकुंज नॉर्थ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पाया कि शव आधा पानी में डूबा हुआ था। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की पहचान नवीन के रूप में हुई। वह 16 फरवरी को अपने घर से निकला था। उसके बाद लौटा नहीं। परिजनों ने वसंत विहार पुलिस में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जांच में पता चला है कि

नवीन के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज थे। वसंत विहार पुलिस ने उसे भगोड़ा घोषित कर रखा था। फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी