समर्पित भाव से राष्ट्र और संगठन के लिए काम करें : जनरल वी.के. चतुर्वेदी
- अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद झारखंड का प्रदेश स्तरीय सैन्य महासम्मेलन शुरू
रांची, 11 जनवरी (हि.स.)। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, झारखंड प्रदेश के तत्वावधान में शनिवार को गुरुनानक स्कूल सभागार में दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय सैन्य महासम्मेलन प्रारंभ हुआ। इस महासम्मेलन में झारखंड राज्य के लगभग 10 जिलों के 800 पूर्व सैनिक एवं सैन्य मातृशक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल वी.के. चतुर्वेदी, पीवी एसएम एवी एस एम, एस एम (वी) एवं वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एयर वाईस मार्शल एचपी सिंह, वीर चक्र, वीएसएम (वी) ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित करके किया।
भारत माता को पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद सभा ने राष्ट्रीय गीत गा कर मां भारती को वंदन किया। सैन्य मातृशक्ति ने स्वागत गान प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीप अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल वी के चतुर्वेदी ने कहा कि यह एक ऐसा संगठन है, जो देश की सुरक्षा के साथ राष्ट्र को भी संवार रहा है। सेवा, साहस और सम्मान हमारा मूल मंत्र है। समर्पित भाव से राष्ट्र और संगठन के लिए काम करें। झारखंड में इस संगठन का विस्तार हुआ है। इसमें सभी लोगों का परिश्रम शामिल है। यह संगठन देश के साथ आपके उपर आए विपदा में सदा खड़ा रहेगा। संगठन की शक्ति को समझे। यह आपके साथ कंधे से कंधे मिला कर चलेगा।
चतुर्वेदी ने कहा कि राष्ट्र विरोधी ताकत लगातार देश को कमजोर करने में लगी है। भारत हर क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ता जा रहा है। देश का विकास राष्ट्र विरोधी ताकतों को खल रहा है और इसे कमजोर करने की कोशिश कर रहे है। इसलिए सावधान और सतर्क रहे। एनआरसी देश की सुरक्षा के लिए गंभीर मुद्दा है। वहीं बढ़ती जनसंख्या भी चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि जो राष्ट्र के लिए बलिदान हो गया है, उसको सम्मान मिलना चाहिए। चतुर्वेदी ने सैनिकों से जुड़े समस्याओं पर चिंता जताई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, झारखंड प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल अखौरी रंजन सिंह ने कहा कि संगठन आपके लिए इंश्योरेंस की तरह है। इसलिए संगठन से जुड़े और इसको मजबूत बनाएं। संगठन से जुड़ेगे तो आप आर्थिक शारीरिक और मानसिक रूप से सुरक्षित रहेंगे। संगठन सदा आपके साथ खड़ा है। झारखंड में संगठन का विस्तार करना है। राज्य के कई जिलों में जिला स्तर पर टीम का गठन करना है।
महासम्मेलन में झारखंड के सभी जिलों से पधारे जिले के पदाधिकारियों ने अपने अपने जिले में संगठन द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों का लेख जोखा प्रस्तुत किया। सैनिकों के कल्याण एवं पुनर्वास से संबंधित विभिन्न योजनाओं कि जानकारी उपस्थित पूर्व सैनिकों एवं मातृशक्ति को दी गई। कार्यक्रम का समापन सास्कृतिक संध्या के साथ हुई जिसमें देशभक्ति के जज्बे से लबरेज कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे