अखिलेश यादव ने यूपी में बढ़ते अपराधों पर उठाए सवाल
यूपी में आपराधिक घटनाओं पर अखिलेश का बयान
यूपी में अपराध : समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने हाल ही में उत्तर प्रदेश में हुई आपराधिक घटनाओं पर योगी सरकार को कठघरे में खड़ा किया है। इनमें पैरा एथलीट चिराग त्यागी और कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का पाल की हत्या के मामले शामिल हैं। उन्होंने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या यूपी में 'गृह' नाम का कोई मंत्रालय है?
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एशियन गेम्स में चयनित पैरा एथलीट चिराग त्यागी की हत्या, राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का पाल की हत्या, सूर्या चौहान और एक दूध व्यापारी की हत्या, यूपी की कानून व्यवस्था के ठप होने का प्रतीक है। क्या यूपी में 'गृह' नाम का कोई मंत्रालय है या अपराधियों के हौसले देखकर यह अंडरग्राउंड हो गया है?"
पश्चिमी उप्र में एशियन गेम्स में चयनित पैरा एथलीट चिराग त्यागी की हत्या, राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का पाल की हत्या, सूर्या चौहान और एक दूध व्यापारी की हत्या, उप्र की क़ानून व्यवस्था के ठप्प होने का प्रतीक है।
‘गृह’ नामक कोई मंत्रालय यूपी में है क्या या अपराधियों के दुस्साहस…
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) June 2, 2026
जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के मुरादनगर क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट और गोल्ड मेडलिस्ट चिराग त्यागी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनका शव शनिवार को हिंडन क्षेत्र में साईं उपवन में मिला था। इस मामले में मुख्य आरोपी यश खटीक को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिसने ईर्ष्या के चलते चिराग की हत्या की।
इसके अलावा, मेरठ में राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का पाल की भी बेरहमी से हत्या की गई। पुलिस के अनुसार, पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद में एक फास्ट फूड स्टॉल संचालक श्याम धानक ने अनुष्का को ईंट मारकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने शव को बोरे में भरकर रोहटा रोड स्थित नाले में फेंक दिया और फरार हो गया।
