कटक में बेटे ने पिता और सौतेली मां की हत्या की, संपत्ति विवाद बना कारण
कटक में हुई खौफनाक घटना
कटक: ओडिशा के कटक शहर के पुरानी जेल कॉलोनी में एक बेटे ने अपने पिता और सौतेली मां की हत्या कर दी। संपत्ति के विवाद ने इस घटना को इतना गंभीर बना दिया कि घर में दो लाशें पड़ी रहीं और चारों ओर सन्नाटा छा गया। पुलिस ने आरोपी बेटे को तुरंत गिरफ्तार कर लिया, लेकिन इस डबल मर्डर ने पूरे शहर को हिला कर रख दिया है। शुक्रवार रात लगभग 9 बजे शुरू हुआ विवाद कुछ ही मिनटों में खूनी संघर्ष में बदल गया। गुस्से में बौखलाया बेटा पहले सौतेली मां पर हमला किया और फिर पिता को भी नहीं बख्शा। घर की दीवारें खून से लाल हो गईं और एक परिवार हमेशा के लिए बिखर गया।
घटना का विवरण
पुलिस के अनुसार, आरोपी बेटे का नाम आलोक कुमार दास है। मृतक पिता दीपक कुमार दास और सौतेली मां रीटरानिया दास थे। लंबे समय से पारिवारिक विवाद और संपत्ति को लेकर तनाव चल रहा था। शुक्रवार रात झगड़ा इतना बढ़ गया कि आलोक ने पहले तेज धार वाले हथियार से रीटरानिया दास पर हमला किया और मौके पर ही उनकी हत्या कर दी। जब दीपक कुमार दास ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उन पर भी जानलेवा वार किए गए।
आलोक का चौंकाने वाला बयान
सौतेली मां की हत्या के तुरंत बाद आलोक ने अपनी पत्नी को फोन किया और कहा कि आज मैंने सारे चैप्टर खत्म कर दिए। यह सुनकर परिवार के लोग और पुलिस दोनों हैरान रह गए। घटना की सूचना मिलते ही दरगाह बाजार थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एससीबी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस की जांच
ACP जोन-2 गिरीजा शंकर चक्रवर्ती ने बताया कि हमें दो शव मिले हैं और प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट है कि बेटा ही मुख्य आरोपी है। आगे की जांच जारी है। पुलिस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि संपत्ति विवाद कितना गंभीर था और क्या हत्या पहले से योजना बनाई गई थी।
