कोहरे के कारण अमृतसर एयरपोर्ट पर उड़ानें प्रभावित, कई रद्द
उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का कहर
चंडीगढ़/अमृतसर: उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप जारी है। पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान में गिरावट आई है, जबकि मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है। पंजाब के विभिन्न जिलों और चंडीगढ़ में आज कोहरे की स्थिति गंभीर हो गई है, जिसका प्रभाव एयर ट्रैफिक पर पड़ा है।
अमृतसर एयरपोर्ट पर चार और चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर एक उड़ान को रद्द करना पड़ा। सबसे गंभीर स्थिति तब उत्पन्न हुई जब दिल्ली से अमृतसर आने वाली एक फ्लाइट को लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली, जिसके कारण उसे वापस दिल्ली लौटना पड़ा।
मुंबई से अमृतसर पहुंची एयर इंडिया की उड़ान को भी एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने लैंडिंग की अनुमति नहीं दी, जिसके बाद विमान को जयपुर की ओर मोड़ दिया गया। इसी तरह, दुबई से आने वाली एक फ्लाइट को भी दिल्ली की ओर डायवर्ट किया गया।
रात करीब 1 बजे दुबई से अमृतसर आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या IX-192 को दिल्ली की ओर मोड़ दिया गया। इसके अलावा, सुबह 4:20 बजे अमृतसर से दोहा जाने वाली कतर एयरवेज की उड़ान भी उड़ान नहीं भर सकी।
दिल्ली, श्रीनगर, बेंगलुरु, हैदराबाद और शिमला सहित अन्य शहरों से अमृतसर आने वाली कई घरेलू उड़ानें भी देरी से शुरू हुईं।
चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर भी कोहरे का असर देखने को मिला। पुणे से आने वाली फ्लाइट 5:55 पर लेट हुई, जबकि जयपुर से आने वाली उड़ान को डायवर्ट कर दिया गया। चंडीगढ़ से दिल्ली जाने वाली एक फ्लाइट सुबह 5:45 पर रद्द कर दी गई।
