क्या मॉनसून की देरी से राहत मिलेगी? जानें कब आएगी बारिश
नई दिल्ली में गर्मी से राहत की उम्मीद
नई दिल्ली: देशभर में गर्मी से जूझ रहे लोगों को अब मॉनसून का बेसब्री से इंतजार है, लेकिन इस बार इसकी शुरुआत में थोड़ी देरी हो सकती है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के नवीनतम पूर्वानुमान के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून 2 से 4 जून के बीच केरल में दस्तक दे सकता है। पहले, इसकी एंट्री 26 मई तक होने की संभावना जताई गई थी। हालांकि, राहत की बात यह है कि मानसून के आगमन से पहले ही देश के कई हिस्सों में प्री-मानसून बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मॉनसून की शुरुआत कब होगी?
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए सभी परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। अगले कुछ दिनों में यह अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के बड़े हिस्सों में सक्रिय हो सकता है। आमतौर पर, मानसून 1 जून के आसपास केरल के तटीय क्षेत्रों में पहुंचता है, और इसी दिन को भारत में मानसून की आधिकारिक शुरुआत माना जाता है।
बारिश का अलर्ट
इस बीच, आईएमडी ने कई राज्यों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में 28 से 30 मई के बीच बारिश और तेज हवाओं की संभावना है, जबकि हिमाचल प्रदेश में 28 और 29 मई को मौसम खराब हो सकता है। दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 28 से 31 मई तक आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
कहाँ कब होगी बारिश?
पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी 28 से 31 मई के बीच गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। राजस्थान में 28 और 29 मई को हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, कोंकण और गोवा में 26 से 29 मई तक बारिश के संकेत हैं। गुजरात में 30 मई से 1 जून के बीच मौसम में बदलाव आ सकता है, जबकि सौराष्ट्र और कच्छ में 1 जून को बारिश की संभावना है।
बिहार, झारखंड और ओडिशा में मौसम
इसके अलावा, बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
