Newzfatafatlogo

गुजरात में पुल ढहने से 9 लोगों की मौत, मुख्यमंत्री ने मुआवजे की घोषणा की

गुजरात के वडोदरा जिले में एक पुल के ढहने से 9 लोगों की जान चली गई है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मुआवजे की घोषणा की है। राहत कार्य जारी है और घायलों के इलाज के लिए प्राथमिकता से व्यवस्था की जा रही है। यह पुल 1985 में बना था और हाल ही में नए पुल के निर्माण की मंजूरी दी गई थी।
 | 
गुजरात में पुल ढहने से 9 लोगों की मौत, मुख्यमंत्री ने मुआवजे की घोषणा की

गुजरात में पुल हादसा

गांधीनगर: वडोदरा जिले के पादरा तालुका में एक पुल के ढहने से अब तक 9 लोगों की जान चली गई है। इस घटना पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गहरा दुख व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।


सीएम पटेल ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "आणंद और वडोदरा को जोड़ने वाले गंभीरा पुल के 23 गर्डरों में से एक के टूटने से हुई यह दुर्घटना अत्यंत दुखद है। मैं इस हादसे में जान गंवाने वालों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं। वडोदरा कलेक्टर से बात कर घायलों के इलाज के लिए प्राथमिकता से व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।"


उन्होंने आगे कहा, "स्थानीय नगरपालिका और वडोदरा नगर निगम की अग्निशामक टीमें नावों और तैराकों के साथ बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। एनडीआरएफ की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य कर रही है। सड़क निर्माण विभाग को इस घटना की त्वरित जांच के आदेश दिए गए हैं।"


मुख्यमंत्री ने मुआवजे की भी घोषणा की। उन्होंने कहा, "इस दुखद घटना से प्रभावित हर परिवार के साथ राज्य सरकार खड़ी है। मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपए की सहायता दी जाएगी, जबकि घायलों को 50 हजार रुपए की सहायता मिलेगी।"


गृह मंत्री हर्ष संघवी ने भी इस हादसे पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "वडोदरा और आणंद जिलों को जोड़ने वाले पुल पर हुए इस हादसे में 9 लोगों की जान गई है। 6 अन्य को सुरक्षित निकाल लिया गया है। मुख्यमंत्री ने एक उच्च स्तरीय समिति को घटनास्थल पर भेजकर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।"


गौरतलब है कि बुधवार सुबह आणंद और पादरा को जोड़ने वाला पुल अचानक ढह गया, जिससे कई वाहन नदी में गिर गए। यह पुल 1985 में बनाया गया था, और हाल ही में गुजरात सरकार ने 212 करोड़ रुपए की लागत से एक नए पुल के निर्माण की मंजूरी दी थी।