पंजाब सीएम मान ने प्रवासी भारतीयों से मिशन चढ़दी कला में सहयोग की अपील की

प्रवासी भारतीयों के समर्थन की आवश्यकता
कहा, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड से बड़ी संख्या में मिशन से जुड़े लोग
चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने हाल ही में राज्य में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद उबरने के लिए प्रवासी भारतीयों से मिशन चढ़दी कला में शामिल होने की अपील की। इस मिशन को विदेशों में व्यापक समर्थन मिल रहा है, और सैकड़ों प्रवासी भारतीय इसमें भाग ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड से प्रवासी भारतीयों ने इस मिशन को समर्थन देने का आश्वासन दिया है।
सीएम ने प्रवासी भारतीयों से की आॅनलाइन बैठक
मुख्यमंत्री ने ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में रह रहे प्रवासी भारतीयों के साथ एक आॅनलाइन बैठक में उनके साथ भावनात्मक और विकासात्मक संबंधों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीयों ने विदेशों में अपनी पहचान बनाई है, लेकिन वे अपनी मातृभूमि को नहीं भूले हैं। उन्होंने यह भी बताया कि प्रवासी भारतीयों ने अपने गांवों और शहरों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
सीएम ने प्रवासी भारतीयों से विशेष अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एनआरआई टाउनहॉल एक आॅनलाइन वार्तालाप सत्र है, जिसका उद्देश्य प्रवासी पंजाबियों को मिशन चढ़दी कला से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि इस मिशन का लक्ष्य पंजाब के राहत और पुनर्वास प्रयासों के लिए वैश्विक समर्थन जुटाना है। उन्होंने प्रवासी भारतीयों को चल रहे रिकवरी प्रोजेक्ट्स के बारे में जानकारी दी और रंगला पंजाब फंड में योगदान देने का आह्वान किया।
प्रवासी भारतीयों को बाढ़ से हुए नुकसान की जानकारी दी
मुख्यमंत्री ने बताया कि 2,300 से अधिक गांव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं, जिसमें 20 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। लगभग 60 लोगों की जान चली गई और 7 लाख लोग बेघर हो गए। इसके अलावा, 3,200 सरकारी स्कूल, 19 कॉलेज, 1,400 क्लीनिक और अस्पताल क्षतिग्रस्त हो गए हैं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, कुल नुकसान लगभग 13,800 करोड़ रुपए है।