Newzfatafatlogo

प्रज्ञेश्वर महादेव में सर्वे भवन्तु सुखिनः के भाव से हुआ महाभिषेक

 | 


हरिद्वार, 26 फ़रवरी (हि.स.)। महाशिवरात्रि के अवसर पर गायत्री परिवार प्रमुखद्वय डॉ. प्रणव पण्ड्या एवं शैलदीदी ने त्रिकालदर्शी महादेव का सर्वे भवन्तु सुखिनः के भाव से महाभिषेक किया। इस अवसर पर गायत्री परिवार के हजारों श्रद्धालुओं के प्रतिनिधि के रूप में उन्होंने रुद्राष्टकम, पुरुष सूक्त व अन्य वैदिक कर्मकांड के साथ पूजन किया।

इस अवसर पर अपने संदेश में अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रमुख व देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. पण्ड्या ने कहा कि कई संयोग के साथ महाशिवरात्रि का पर्व मनाया गया। भावपूर्ण पूजन से मनुष्य के भीतर के संभावनाएं जाग्रत होते हैं।

विवि की संरक्षिका शैलदीदी ने कहा कि स्वयं कम से कम साधनों से काम चलाते हुए दूसरों को बहुमूल्य उपहार का दान देना एवं ऐसे कृत्यों से मन को प्रफुल्लित रखे रहना शिव के प्रमुख गुण हैं।

डॉ चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि महाशिवरात्रि आध्यात्मिक दृष्टि से सबसे ज्यादा समृद्ध पर्व है। शव को शिव में तथा रात्रि को महाशिवरात्रि में बदलने के लिए यह महापर्व मनाया जाता है।

संगीत विभाग के भाइयों ने सुमधुर शिव आराधना से सम्पूर्ण परिसर को मंत्रमुग्ध कर दिया, तो वहीं सितार, शंख व डमरू की झंकार ने श्रद्धालुओं के अंदर के तार को झूमने के लिए उल्लसित किया।

इस दौरान विभिन्न देशों से आये शिवभक्तों सहित देवसंस्कृति विवि के समस्त स्टाफ, विद्यार्थियों, शांतिकुंज के अंतेःवासी कार्यकर्त्ता एवं भारत के कोने-कोने से आये शिव भक्त मौजूद रहे। उधर, शांतिकुंज स्थित शिवालय में भी भक्तिभाव से शिवाभिषेक किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला