बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए राहत कार्य शुरू, 500 फाॅगिंग मशीनें रवाना

बाढ़ राहत के लिए फाॅगिंग मशीनों का वितरण
बाढ़ प्रभावित गरीब परिवारों को गेंहू जल्द ही वितरित किया जाएगा
चंडीगढ़: शिरोमणी अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने आज 500 फाॅगिंग मशीनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये मशीनें राज्य के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मलेरिया और अन्य जलजनित बीमारियों से बचाव के लिए यूथ अकाली दल (वाईएडी) के कार्यकर्ताओं को दी जाएंगी। बादल ने कहा कि यूथ अकाली दल के सदस्य इन मशीनों को हर बाढ़ प्रभावित गांव में ले जाएंगे।
इससे पहले, सुखबीर सिंह बादल ने बाढ़ राहत योजना पर चर्चा करने के लिए हलका इंचार्जों और पार्टी के जिला अध्यक्षों के साथ बैठक की। इस बैठक में बाढ़ से हुए नुकसान, जैसे बांधों, कृषि भूमि और घरों के नुकसान का आकलन किया गया। उन्होंने बताया कि गुरदासपुर, फिरोजपुर, अमृतसर और अन्य प्रभावित जिलों में 500 ट्रक मक्का साइलेज पहले ही भेजा जा चुका है। इसके साथ ही, अगले दिनों में 50 हजार गरीब परिवारों को गेंहू का वितरण शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी के आॅब्जर्वरों ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और नुकसान की सूची तैयार की है।
सुखबीर बादल ने कहा कि मक्का साइलेज के वितरण के साथ-साथ बाढ़ प्रभावित किसानों को एक लाख एकड़ भूमि पर प्रमाणित गेंहू के बीज भी दिए जाएंगे। इसके अलावा, पार्टी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में खेती की भूमि से रेत हटाने के लिए ट्रैक्टर और अन्य भारी मशीनरी भेजने की योजना बनाई है। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता चिकित्सा शिविरों और पशु चिकित्सा शिविरों का आयोजन भी करेंगे।
बैठक में पंजाब में आई बाढ़ के दौरान आम आदमी पार्टी की सरकार की सहायता में विफलता पर भी चर्चा की गई। इसके अलावा, माधोपुर बैराज के तीनों गेटों के टूटने की जिम्मेदारी मंत्री और मुख्यमंत्री स्तर पर तय करने की मांग की गई।