Newzfatafatlogo

भागलपुर में कब खुलेगा रेल मंडल कार्यालय

 | 
भागलपुर में कब खुलेगा रेल मंडल कार्यालय


भागलपुर, 23 फ़रवरी (हि.स.)। बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉक्टर चक्रपाणि हिमांशु ने रविवार को पत्रकाराें से बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के हवाई अड्डा भागलपुर में होने वाले कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भाजपा के मंत्री और विधायक को लोगों के घर घर जाना पड़ रहा है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव के कार्यकाल में भागलपुर में हुए रेल मंडल कार्यालय का शिलान्यास के बाद भी अभी तक मंडल कार्यालय क्यों नहीं बना। भाजपा नेताओं द्वारा भागलपुर उप राजधानी बनाने के वादे क्या हुआ। भागलपुर विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय क्यों नहीं बनाया जा रहा है।

विक्रमशिला विश्वविद्यालय का निर्माण कब होगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में भागलपुर जिले में 33 हजार करोड़ के सृजन घोटाले का क्या हुआ। भागलपुर जिले में बाढ़ और कटाव पर कब रोक लगेगी। बाढ़ कटाव पीड़ितों के पुनर्वास की व्यवस्था कब होगी। कहलगांव से सुल्तानगंज गंगा किनारे मरीन ड्राइव का निर्माण कब किया जाएगा। रेशमी नगर के उद्योग व्यवस्था को कब बढ़ावा मिलेगा। बिजली किसानों को कब मुफ्त मिलेगा। महंगाई एवं भ्रष्टाचार पर कब रोक लगेगी। युवाओं को कब रोजगार मिलेगा। अपराध पर कब नियंत्रण होगा।

उन्होंने कहा कि केला और मक्का उद्योग लगाया जाए। घंटाघर से अलीगंज तक ओवर ब्रिज बनाया जाए। प्रत्येक परिवार के खाते में 15-15 लाख रुपए कब आएंगे। प्रत्येक साल 2 करोड़ नौकरी देने का वादे का क्या हुआ। किसानों को उपज का समर्थन मूल्य एवं अनुदान कब मिलेगा। प्रधानमंत्री को भागलपुर के किसान सम्मान सम्मेलन में उक्त सवाल का जवाब देना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर