भारत ने पाकिस्तान को तवी नदी बाढ़ के खतरे के बारे में चेताया

भारत का पाकिस्तान को चेतावनी संदेश
भारत ने पाकिस्तान को तवी नदी बाढ़ के खतरे के बारे में चेताया: पहलगाम हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। पाकिस्तान के नेता सिंधु जल संधि को निलंबित करने के कारण चिंतित हैं और धमकी दे रहे हैं। इस बीच, भारत ने पाकिस्तान को 'तबाही वाला संदेश' भेजा है। दरअसल, ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार भारत ने पाकिस्तान को बाढ़ के खतरे के बारे में सूचित किया है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग ने पाकिस्तान को सूचित किया है कि जम्मू में तवी नदी में गंभीर बाढ़ आने की संभावना है, जिसका प्रभाव पड़ोसी देश पर भी पड़ सकता है। इसके बाद पाकिस्तान प्रशासन ने भी अलर्ट जारी किया है। तेज बारिश और नदियों के जल स्तर में वृद्धि के कारण पाकिस्तान के कई क्षेत्र बाढ़ की चपेट में हैं। पंजाब प्रांत में लगातार मूसलधार बारिश हो रही है, और अगले 48 घंटों तक यह स्थिति बनी रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में बाढ़ प्रभावित जिलों से लगभग 20,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
पाकिस्तान के पंजाब आपातकालीन बचाव सेवा के अधिकारियों ने बताया कि कसूर, ओकारा, पाकपट्टन, बहावलनगर और वेहारी के कई गांव जलमग्न हो गए हैं, जिसके कारण लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया गया है। सिंधु, चिनाब, रावी, सतलुज और झेलम नदियों के निकट क्षेत्रों से शनिवार से अब तक लगभग 20,000 लोगों को निकाला गया है। इस मॉनसून की तेज बारिश और बाढ़ के कारण पाकिस्तान में सैकड़ों लोगों की जान चली गई है।