महाशिवरात्रि : जोधपुर शहर के शिवालयों में गूंजे हर-हर महादेव के जैकारे

जोधपुर, 26 फरवरी (हि.स.)। भगवान शिव की आराधना का प्रमुख पर्व महाशिवरात्रि बुधवार को श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर शहर के सभी शिव मंदिरों व शिवालयों में दर्शनों के लिए भक्तों की भीड़ लगी रही। शिव मंदिरों में महारूद्राभिषेक, पंचामृत अभिषेक, ऋ तु पुष्पों का श्रृंगार और जागरण सहित कई धार्मिक आयोजनों की बयार बही। प्रमुख शिवालयों में शिव विवाह एवं बाबा बर्फानी की झांकियां सजाई गई। शिवालयों में आकर्षक रोशनी की गई। वहीं भक्तों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के इंतजाम भी किए गए।
महाशिवरात्रि का महापर्व आज आस्था और श्रद्धा के साथ मनाया गया। शहर के सभी छोटे-बड़े शिव मन्दिरों को आकर्षक रोशनी से सजाया-संवारा गया। बम-बम भोले और हर-हर महादेव की गूंज से भोले को रिझाने का प्रयास किया गया। शिवालयों में कुमकुम, भांग, बिल्व पत्र, सफेद आक के पुष्प, तुलसी मंजरी, शमी पत्र, दूब, गुलाल, अबीर चढ़ाए गए। शहर की विभिन्न कॉलोनियों के शिवालयों में भी भक्त सवेरे से ही पूजा-अर्चना में लगे रहे। यहां महारूद्राभिषेक, पंचामृत अभिषेक, शिव ब्यावला, पूजापाठ सहित अन्य अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। मन्दिरों पर भक्तों के दर्शन के लिए विशेष व्यवस्था की गई। शहर के सभी शिवालयों में सुबह से मेले जैसा माहौल रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना करने पहुंचे। श्रद्धालुओं ने दूध, गन्ने का रस, घी, शहद और अन्य सामग्री से अभिषेक किया। यहां कई धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
यहां भी हुए धार्मिक आयोजन :
मंडलनाथ, उम्मेद उद्यान, रामसागर, माताजी का थान, कटला बाजार अचलनाथ, चांदपोल सिद्धपीठ रामेश्वरनाथ, जालोरी बारी बड़लेश्वर, तखतसागर सिद्धनाथ, कायलाना गोरेश्वर महादेव मंदिर, अटक भैरुनाथ, भूतनाथ, जागनाथ, इकलिंग महादेव, सरदारपुरा, शिव मंदिर घांचियों का बास महामंदिर, देवराहा महादेव नाडी, रामेश्वर महादेव मंदिर, गोपेश्वर सुखेश्वर महादेव मंदिर, भीड़ भजनेश्वर, प्रतापेश्वर महादेव मंदिर, जूना खेड़ापति मंदिर में दुग्धाभिषेक व पंचामृत अभिषेक किए गए। उम्मेद उद्यान स्थित शिवालय में मंदिर ट्रस्ट की ओर से फूल मंडली, संकीर्तन व म्यूजिकल फव्वारे के बीच आकर्षक रोशनी की गई। वहीं भूतेश्वर वन क्षेत्र की पहाडिय़ों में स्थित भूतेश्वर महादेव मंदिर में भी महाशिवरात्रि पर चारों प्रहर पूजन हुआ।
इसके अलावा जूना खेडापति बालाजी मंदिर में दिनभर शिव पूजन हुआ। चांदणा भाखर ज्योति नगर स्थित श्री ज्योतेश्वर महादेव मंदिर में ज्योति नगर मंदिर विकास समिति, क्षेत्रवासियों और शिव भक्तों की ओर से महाशिवरात्रि पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। मंदिर को आकर्षक फूल मंडली और दूधिया रोशनी से सजाया गया तथा शिव परिवार सहित देव प्रतिमाओं का आकर्षक श्रृंगार किया गया। इसी तहर नारायण स्वामी की गुफा में महाशिवरात्रि का पर्व मनाया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश