Newzfatafatlogo

महाशिवरात्रि बुधवार काे, शिवालयों में बहेगी श्रद्धा-भक्ति की सरिता

 | 
महाशिवरात्रि बुधवार काे, शिवालयों में बहेगी श्रद्धा-भक्ति की सरिता


जोधपुर, 25 फरवरी (हि.स.)। फाल्गुन मास में कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि के दिन बुधवार को महाशिवरात्रि का पर्व मनाया जाएगा। मान्यता है कि इस दिन भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह हुआ था। इस दिन भगवान शिव की पूजा, रुद्राभिषेक होंगे व रात्रि में भी चारों प्रहर पूजन-रुद्राभिषेक, शिव ब्यावला का वाचन होगा। महाशिवरात्रि के दिन श्रद्धालु व्रत रखेंगे व विधि-विधान से शिव-गौरी की पूजा करेंगे। महाशिवरात्रि पर श्रवण नक्षत्र का संयोग बनेगा।

दरअसल हिंदू धर्म में महाशिवरात्रि के पर्व को बहुत ही विशेष माना जाता है। शास्त्रों के अनुसार महाशिवरात्रि का ही वो दिन था, जब भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती विवाह के बंधन में बंधे थे। महाशिवरात्रि पर ही भगवान ने माता पार्वती से विवाह कर गृहस्थ जीवन में कदम रखा था।

शहर में होंगे धार्मिक कार्यक्रम

महाशिवरात्रि पर्व पर शहर के प्रमुख अचलनाथ, भूतनाथ, जागनाथ सहित सभी शिव मंदिरों व शिवालयों में पूरी रात चारों प्रहर रुद्राभिषेक व आरती होगी। महाशिवरात्रि व महर्षि दयानन्द बोधोत्सव के अवसर पर आर्य समाज महामंदिर व आर्य वीर दल क्रान्तिकारी रामप्रसाद प्रसाद बिस्मिल व्ययामशाला शाखा के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक आर्य समाज महामंन्दिर, पावटा सी रोड, पर यज्ञ आयोजित किया जाएगा। प्रदीप आर्य ने बताया कि इस दौरान सच्चे शिव को जानें विषय पर विद्वान उद्बोधन देंगे।

सती माता गो सेवा फाउंडेशन के तत्वावधान में महाशिवरात्रि के पर्व पर नन्दी भक्ति उत्सव विभिन्न नन्दी शालाओं में मनाया जाएगा। फाउंडेशन के संयोजक अशोक राणेजा हिंगोला ने बताया कि कार्यक्रम में सन्तों के सान्निध्य में नन्दी पूजन किया जाएगा। घोड़ों का चौक स्थित दूधेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 51 किलो गोदुग्ध से सामूहिक महाअभिषेक होगा।

सरदारपुरा में शिव बारात निकाली जाएगी :

शिव बारात महोत्सव समिति सरदारपुरा प्रखंड द्वारा महाशिवरात्रि पर सरदारपुरा के सत्संग भवन से शाम सात बजे विराट शिव बारात निकाली जाएगी जो गोल बिल्डिंग जालोरी गेट से सिरे बाजार होती हुई अचलनाथ मंदिर पर विसर्जित होगी। समिति के महामंत्री दीपेश सोलंकी ने बताया कि बारात से पूर्व सत्संग भवन पर संतों के सानिध्य में मंच पर आयोजन समिति विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी जनप्रतिनिधि के साथ गणमान्य लोगों की उपस्थिति में कार्यक्रम होगा। दिव्यांग खींची ने बताया कि समिति की ओर से लगातार 11वें वर्ष शिव बारात निकाली जा रही है।

महादेव और शिवलिंगों की मनोरम प्रतिमा बनाई :

शहर के ओल्ड कैंपस के सामने स्थित श्री पीपलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में कैलाश पर्वत थीम पर छह फीट के महादेव व सात शिवलिंगों की मनोरम प्रतिमा बनाई गई, जिसका मंदिर के प्रमुख पुजारी पंडित शिवसागर शास्त्री द्वारा विधिविधान से पूजा-अर्चना के साथ मंदिर के महंत श्रीधर गिरी महाराज ने जलाभिषेक कर प्रतिमा का अनावरण किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश