महाशिवरात्रि महोत्सव बुधवार को, बम बम के जयघोष से गुंजायमान हुआ पटना

-गाजे-बाजे के साथ निकाली जाएंगी 32 शोभा यात्राएं
पटना, 25 फरवरी (हि.स.)। महाशिवरात्रि पर इस बार पूरी राजधानी शिवमय नजर आएगी। देवों के देव महादेव की शक्ति के साथ शिवभक्तों की भक्ति का भी प्रदर्शन होगा।
श्रीश्री महाशिवरात्रि महोत्सव शोभा यात्रा अभिनंदन समिति के तत्वावधान में बुधवार की शाम शहर के अलग-अलग मुहल्लों से गाजे-बाजे और मनोहारी झांकियों के साथ 32 शोभा यात्राएं निकलेंगी। सभी शोभा यात्राएं पहले से तय रूटों से होते हुए देर शाम खाजपुरा शिव मंदिर स्थित मुख्य समारोह स्थल पर पहुंचेंगी। यहां 60 फीट लंबे मुख्य मंच पर राज्यपाल, मुख्यमंत्री, दोनों उप मुख्यमंत्री, केंद्र व राज्य सरकार के कई मंत्री और धर्माचार्य शोभा यात्राओं का अभिनंदन करेंगे। मुख्यमंत्री शाम 6 बजे और राज्यपाल 7.30 बजे पहुंचेंगे।
शोभा यात्रा अभिनंदन समिति के संयोजक सह विधायक डॉ. संजीव चौरसिया ने बताया कि महोत्सव की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शोभा यात्रा मार्ग में कई जगह तोरण द्वार बनाए गए हैं। 20 स्थानों पर पुष्प वर्षा और शरबत-पानी के स्टॉल लगाए गए हैं। शिवभक्तों, खासकर महिला श्रद्धालुओं में जबर्दस्त उत्साह है। शाम में खाजपुरा शिव मंदिर के पास हजारों भक्तों का रेला उमड़ेगा। श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो, इसके मद्देनजर उन्होंने पुलिस-प्रशासन से सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई और बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने की अपील की है। बताया कि शोभा यात्रा में आए भक्तों को वापस घर पहुंचाने के लिए अभिनंदन समिति की ओर से बसों की व्यवस्था की गई है। मंदिर परिसर में ही महाप्रसाद के वितरण का इंतजाम किया गया है।
राज्यपाल, मुख्यमंत्री उतारेंगे झांकियों की आरती
समारोह स्थल पर तैयार तीन मंचों में मुख्य मंच पर राज्यपाल, मुख्यमंत्री, दोनों उप मुख्यमंत्री, केंद्र व राज्य के कई मंत्री, धर्माचार्य और समाज के प्रबुद्ध जन शिव बारात झांकियों की आरती उतारेंगे। इसी मंच पर शोभा यात्रा समितियों को मोमेंटो, मेडल व अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया जाएगा। दूसरे मंच पर भजन संध्या, तांडव नृत्य समेत अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे जबकि तीसरे मंच पर गंगा आरती की जाएगी।
ब्रह्मकुमारी की झांकी में झलकेगा महाकुंभ में ज्ञान स्नान का संदेश
प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की शोभा यात्रा इस बार कंकड़बाग की जगह शेखपुरा स्थित लाइट हाउस सेवा केंद्र से निकलेगी जिसकी अगुवाई मुख्य संचालिका बीके संगीता बहन करेंगी। जीवंत झांकी में कैलाश पर्वत पर शिवलिंग का ध्यान करते महादेव दिखेंगे जिनकी जटा से जल का अविरल प्रवाह होता रहेगा। इस दौरान ब्रह्मकुमारी बहनें महाकुंभ में ज्ञान स्नान का संदेश देती दिखेंगी।
खाजपुरा शिव मंदिर में सुबह 4 बजे महादेव की पूजा होगी। एक घंटे बाद 5 बजे मंदिर के पट आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। शाम 6 बजे तक जलाभिषेक होगा। इसके बाद मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे। शाम 6 से 9 बजे तक साफ-सफाई की जाएगी। रात 9 बजे के बाद शृंगार, रुद्राभिषेक और शिव-पार्वती विवाह का कार्यक्रम है जो देर रात 12 बजे तक चलेगा।
साल दर साल ऐसे बढ़ती गईं शोभा यात्राएंवर्ष-संख्या 2018-122019-172020-212021-24 2022-22 (कोरोना काल)2023-262024-272025-32
------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी