गुरु अर्जुन देव जी की शहादत का पर्व श्रद्धा से मनाया गया

गुरु अर्जुन देव जी की शहादत का पर्व
- संगतों ने गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष माथा टेक गुरु की शहादत को किया नमन
- गुरू अर्जुन देव ने मानवता की खातिर अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया : बलविंद्र सिंह
(Jind News) जींद। शहीदों के सरताज, बाणी के जहाज और शांति के प्रतीक, पांचवीं पातशाही गुरु अर्जुन देव जी का शहीदी गुरुपर्व शुक्रवार को शहर के सभी गुरुद्वारों में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सभी गुरुद्वारों में सुखमनी सेवा सोसायटी के सहयोग से शहीदी गुरुपर्व के सम्मान में श्री सुखमनी साहिब का पाठ किया गया। शब्द कीर्तन का आयोजन किया गया और संगतों के लिए मीठे शरबत की छबील लगाई गई, साथ ही लंगर का भी आयोजन किया गया।
गुरुघर के प्रवक्ता बलविंदर सिंह ने बताया कि इस अवसर पर स्थानीय ऐतिहासिक गुरुद्वारा गुरु तेग बहादुर साहिब में गुरमत समागम का आयोजन किया गया। इसमें रागी भाई जसबीर सिंह रमदसिया और पांतड़ा पंजाब से आए भाई गुरमुख सिंह के रागी जत्थे ने गुरु अर्जुन देव द्वारा रचित बाणी का कीर्तन किया।
गुरुद्वारा साहिब के हैड ग्रंथी गुरविंदर सिंह रत्तक ने गुरु साहिब की शहादत को नमन करते हुए कहा कि गुरु अर्जुन देव को शहीदी का सरताज इसलिए कहा जाता है क्योंकि वे पहले गुरु हैं जिन्होंने धर्म और समाज की भलाई के लिए अपने प्राणों की आहुति दी।
बलविंदर सिंह ने गुरु अर्जुन देव को जुल्म का नाशक और धर्म का प्रकाशक बताते हुए कहा कि उन्होंने श्री गुरु ग्रंथ साहिब की पहली बीड़ अपने हाथों से तैयार की और दरबार साहिब अमृतसर में स्थापित की। उनके द्वारा रचित 2200 के करीब गुरबाणी के शब्द गुरु ग्रंथ साहिब में दर्ज हैं।
गुरु अर्जुन देव कुर्बानी का प्रतीक
गुरु अर्जुन देव को कुर्बानी का प्रतीक इसलिए कहा जाता है क्योंकि उन्होंने सिख धर्म की रक्षा के लिए तत्ती तवी पर बैठकर अपने प्राणों की आहुति दी। इससे पहले उन्हें गर्म पानी में उबाला गया और गर्म तवी पर बैठाकर गर्म रेत डाली गई।
शहर के रेलवे जंक्शन स्थित सिंह सभा गुरुद्वारा में भाई जसवंत सिंह, गुरुद्वारा बंदा सिंह बहादुर पटियाला चौक में भाई गुरजीत सिंह और गुरुद्वारा सिंह सभा भारत सिनेमा रोड में भाई गुरदित्त सिंह के रागी जत्थे द्वारा गुरबाणी कीर्तन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने शहर के विभिन्न स्थानों पर मीठे शरबत की छबीलें लगाईं।
इस अवसर पर ऐतिहासिक गुरुद्वारा गुरु तेग बहादुर साहिब में लंगर हाल की रसोई घर का लैंटर भी डाला गया। कार्यक्रम में गुरुद्वारा मैनेजर गुरविंदर सिंह चौगामा, हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के कार्यकारिणी सदस्य करनैल सिंह, जत्थेदार गुरजिंदर सिंह, बीबी परमिंदर कौर, जोगिंदर सिंह पाहवा, जसकरण सिंह, टहल सिंह, दलबीर सिंह सेठी आदि उपस्थित रहे।