पीपल के पेड़ के नीचे दीपक जलाने से पितृ दोष से मिलेगी मुक्ति
सुख-समृद्धि में वृद्धि
Pitra Dosh Upay, नई दिल्ली: धार्मिक मान्यता के अनुसार, पीपल के पेड़ में ब्रह्मा, विष्णु, महेश और पितरों का निवास होता है। इस पेड़ की विधिपूर्वक पूजा करने से पितृ प्रसन्न होते हैं और शनि दोष से मुक्ति मिलती है। इसके साथ ही जीवन में खुशियों का आगमन होता है। यदि आप पितृ दोष का सामना कर रहे हैं, तो पीपल के पेड़ के नीचे दीपक जलाना लाभकारी होगा। इससे शुभ फल की प्राप्ति होगी और देवी-देवताओं का आशीर्वाद भी मिलेगा।
किस दिन जलाएं दीपक
पीपल के पेड़ की पूजा के लिए शनिवार और अमावस्या का दिन विशेष रूप से शुभ माना जाता है। इस दिन शाम को पीपल के नीचे सरसों के तेल का दीपक जलाने से शनिदोष, साढ़ेसाती और ढैय्या से मुक्ति मिलती है, क्योंकि इस पेड़ का संबंध शनिदेव से होता है।
पितृ दोष होगा दूर
यदि आप पितृ दोष का सामना कर रहे हैं, तो शनिवार या अमावस्या के दिन पीपल के पेड़ के नीचे शाम को दीपक जलाएं। ऐसा माना जाता है कि इस उपाय को सच्चे मन से करने से पितृ दोष दूर होता है और पूर्वजों की कृपा से बिगड़े काम पूरे होते हैं। इसके साथ ही घर में सकारात्मक ऊर्जा का आगमन होता है।
होगी आध्यात्मिक उन्नति
शनिवार के दिन पीपल के पेड़ के नीचे दीपक जलाने और पूजा करने से मानसिक शांति और आध्यात्मिक उन्नति की प्राप्ति होती है।
धन में होगी वृद्धि
यदि आप धन में वृद्धि की कामना रखते हैं, तो शनिवार के दिन पीपल के पेड़ के पास दीपक जलाएं और उसके बाद परिक्रमा करें। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस उपाय से शुभ फल की प्राप्ति होती है और धन-धान्य में वृद्धि होती है। साथ ही दरिद्रता की समस्या से छुटकारा मिलता है।
ऐसे करें पीपल के पेड़ की पूजा
सुबह स्नान करने के बाद घर में पूजा-अर्चना करें और सूर्य देव को अर्घ्य दें। इसके बाद शनिवार को शाम को पीपल के पेड़ के पास सरसों के तेल का दीपक जलाएं। इसके बाद पेड़ की 5 या 7 बार परिक्रमा करें और फूल तथा प्रसाद चढ़ाएं। जीवन में सुख-शांति की प्राप्ति के लिए देवी-देवताओं से कामना करें।
