श्रीकृष्ण जन्माष्टमी: मथुरा में धूमधाम से मनाया गया पर्व, सीएम योगी का दौरा

मथुरा में जन्माष्टमी का उत्सव
मथुरा। आज पूरे देश में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। मथुरा और वृंदावन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जन्मस्थान पर पहुंच चुके हैं, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सीएम योगी ने यहां विधिपूर्वक ठाकुर जी की पूजा की।
योगी का मथुरा दौरा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले आठ वर्षों में 38वीं बार भगवान कृष्ण की नगरी मथुरा का दौरा किया है, जो उनकी सरकार के विकास एजेंडे में मथुरा के महत्व को दर्शाता है। मुख्यमंत्री के रूप में मथुरा की सबसे अधिक यात्रा करने का यह रिकॉर्ड उनकी सरकार की सनातन आस्था के प्रति गहरे सम्मान और समर्पण को दर्शाता है। काशी और अयोध्या की तरह, मथुरा भी अब योगी सरकार के विकास के केंद्र में है।
विश्राम घाट पर दीपदान
कृष्ण जन्मोत्सव पर दीपदान से जगमग हुआ विश्राम घाट
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने विश्राम घाट पर शुक्रवार शाम दीपदान का आयोजन किया। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर यमुना पर दीपदान की शुरुआत गन्ना विकास और चीनी मिले मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने दीप जलाकर की। उन्होंने यमुना महारानी की पूजा भी की। उफनती यमुना के बीच दीपों का दृश्य मनमोहक था, जहां 5252 दीप जलाए गए। इस अवसर पर परिषद के डिप्टी सीईओ सतीश चंद्र और भाजपा नेता नरदेव चौधरी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
जन्माष्टमी 2025 की तिथि और शुभ मुहूर्त
कृष्ण जन्माष्टमी 2025 तिथि और शुभ मुहूर्त
अष्टमी तिथि आरंभ: 15 अगस्त 2025 को रात 11:49 बजे
अष्टमी तिथि समाप्त: 16 अगस्त 2025 को रात 09:34 बजे
रोहिणी नक्षत्र आरंभ: 17 अगस्त 2025 को सुबह 04:38 बजे
रोहिणी नक्षत्र समाप्त: 18 अगस्त 2025 को तड़के 03:17 बजे
चंद्रोदय का समय: 16 अगस्त को रात 10:46 बजे
जन्मभूमि पर जन्माभिषेक कार्यक्रम
श्री गणपति एवं नवग्रह स्थापना-पूजन आदि रात 11:00 बजे
सहस्त्रार्चन (पुष्प एवं तुलसीदल से) रात 11:55 बजे तक
प्राकट्य दर्शन के लिए पट बंद रात 11:59 मिनट पर
प्राकट्य दर्शन और आरती रात 12:00 बजे से 12:10 बजे तक
पयोधर महाभिषेक (कामधेनु) रात 12:10 बजे से 12:25 बजे तक
ठाकुर जी का जन्म-महाभिषेक रात 12:25 बजे से 12:40 बजे तक
श्रंगार आरती रात 12:45 बजे से 12:50 बजे तक
शयन आरती रात 01:55 बजे से 2:00 बजे तक
जन्मोत्सव में शामिल होंगे सीएम योगी
शनिवार को सुबह 11:30 बजे सीएम योगी आदित्यनाथ मथुरा आएंगे। इसके बाद वह 12 बजे कन्हैया के जन्मोत्सव में शामिल होंगे। पूजा अर्चना के बाद वह पांचजन्य प्रेक्षागृह में साधु संतों को सम्मानित करेंगे और कई योजनाओं का लोकार्पण करेंगे। सीएम योगी के आगमन की तैयारियों में अधिकारी दिनभर जुटे रहे। जन्मोत्सव कार्यक्रम शुक्रवार सुबह से ही शुरू हो गए थे। सुबह करीब 10:00 बजे जन्मस्थान से विभिन्न मार्गों से होते हुए पांचजन्य प्रेक्षागृह तक शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान कलाकार बीन और ढोल नगाड़ों की धुन पर झूमते रहे। लाखों श्रद्धालु मथुरा पहुंचे हैं और जन्मोत्सव में भाग ले रहे हैं।
टोलफ्री नंबर जारी
टोलफ्री नंबर जारी
नगर निगम ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए टोलफ्री नंबर जारी किया है। किसी भी समस्या के लिए 1533 और 14420 पर फोन कर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। इसके अलावा नगर निगम ने व्यवस्थाओं के लिए एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है, जो 24 घंटे संचालित होगा।