गुरुदेव स्वामी श्री भगवानदासाचार्य महाराज का 26वां तिरोभाव दिवस मनाया गया

गुरुदेव का तिरोभाव दिवस
मथुरा: केसीघाट स्थित ठाकुर श्री जानकी वल्लभ मंदिर में बैकुंठवासी गुरुदेव स्वामी श्री भगवानदासाचार्य महाराज का 26वां तिरोभाव दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर ठाकुर जानकी वल्लभ लाल को भव्य फूलबंगले में विराजमान किया गया। साथ ही झूलन महोत्सव का आयोजन भी किया गया, जिसमें ठाकुर जी को झूले पर विराजमान किया गया। विद्वत संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया।
जगतगुरु स्वामी अनिरुद्धाचार्य महाराज ने कहा कि सदगुरुदेव भगवान की कृपा विशेष है। उनके बिना कुछ भी संभव नहीं है। गुरु की कृपा से ही शिष्य का कल्याण संभव है। सभी प्राणियों को गुरु बनाना चाहिए, क्योंकि गुरु के बिना भगवत प्राप्ति नहीं हो सकती। सुग्रीव किला पीठाधीश्वर स्वामी विश्वेष प्रपन्नाचार्य महाराज ने कहा कि आज हम सभी भाग्यशाली हैं जो गुरुदेव भगवान के तिरोभाव दिवस में शामिल हो सके। गुरुदेव भगवान साक्षात भगवत स्वरूप थे।
महंत फूलडोल बिहारी महाराज, स्वामी राजरमाचार्य, स्वामी दामोदराचार्य, सुदर्शनाचार्य, देवनारायण आचार्य, नेत्रपाल शास्त्री, महंत अमर दास महाराज जैसे संतों ने अपने विचार साझा किए। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता लक्ष्मी नारायण मंदिर प्रयागराज के जगतगुरु स्वामी घनश्याम आचार्य महाराज ने की। संचालन यशोदा नंदन लाल ने किया। इस अवसर पर गोविंद दास, रामनारायण पुजारी, रघुनाथ आचार्य, मुकेश शास्त्री, मुकुंद, पीयूष, गोवर्धन, रामभद्र, सुधीर, श्रीनिवास आदि उपस्थित रहे।