रोमेश चन्द्र की पुण्यतिथि पर छात्राओं का सम्मान
आर्य समाज मंदिर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन
जालंधर: पक्का बाग स्थित आर्य समाज मंदिर में रोमेश चन्द्र मेमोरियल ट्रस्ट (RCMT) और कन्या शिक्षा प्रसार संगठन (KSPS) ने 11 मई को एक विशेष समारोह का आयोजन किया। यह कार्यक्रम अमर शहीद पत्रकार एवं राजनेता श्री रोमेश चन्द्र जी की 42वीं पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी याद में आयोजित किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट द्वारा संचालित निशुल्क कौशल विकास केंद्र से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली प्रतिभाशाली छात्राओं को सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान कई छात्राओं ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि इस निशुल्क प्रशिक्षण के माध्यम से वे अपनी कठिनाइयों से बाहर निकलने में सफल रही हैं। अब वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनकर अपनी कमाई कर रही हैं और अपने ऊपर गर्व महसूस कर रही हैं।
RCMT की वाइस प्रेसिडेंट सीमा चोपड़ा ने सभी छात्राओं को उनकी उपलब्धियों पर बधाई दी। उन्होंने बताया कि इस फ्री स्किल सेंटर में फैशन डिजाइनिंग, नेल आर्ट, मेकअप आर्टिस्ट, फ्लावर मेकिंग, बैग मेकिंग और मेहंदी जैसे कोर्स उपलब्ध हैं। ट्रस्ट का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है, जो अब साकार होता दिख रहा है। उन्होंने कहा कि यह असली 'नारी-शक्ति' और 'महिला सशक्तिकरण' का उदाहरण है, जो केवल एक नारा नहीं, बल्कि वास्तविकता है।
इस विशेष अवसर पर RCMT के प्रेसिडेंट अरविंद चोपड़ा ने उपस्थित छात्राओं और अतिथियों को संबोधित किया। उन्होंने अपने पिता स्व. रोमेश चन्द्र चोपड़ा जी के जीवन के बारे में बताया, जो अनेक उतार-चढ़ावों से भरा था। उन्होंने हमेशा श्रीमद्भगवद्गीता से प्रेरणा ली और कई सफलताएँ प्राप्त कीं। यह निशुल्क प्रशिक्षण केंद्र उनके सम्मान में स्थापित किया गया है, ताकि जरूरतमंद लड़कियों को नई दिशा मिल सके।
स्व. रोमेश जी हमेशा धर्मनिरपेक्ष विचारों के समर्थक रहे। उनके विचारों का सम्मान करते हुए इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भजन और शबद गायन भी शामिल किया गया। इस भव्य कार्यक्रम का सफल आयोजन KSPS के प्रेसिडेंट एस.एस. चौहान ने किया। समारोह में मैडम वंदना और मैडम संजना ने भी भाग लिया और छात्राओं का उत्साह बढ़ाया।
