हुला हूपिंग: मजेदार और प्रभावी फिटनेस एक्सरसाइज

हुला हूपिंग का मजेदार तरीका
मुंबई: क्या आप फिट रहने का एक मनोरंजक तरीका खोज रहे हैं? तो हुला हूपिंग आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प है! यह प्लास्टिक की रिंग वाला व्यायाम न केवल आपके कोर मांसपेशियों को मजबूत करता है, बल्कि यह मनोरंजन का भी एक अद्भुत साधन है। इसे करना न केवल आसान है, बल्कि यह आपके मूड को भी बेहतर बनाता है।
जर्नल ऑफ स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग रिसर्च (2021) में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, 6 सप्ताह तक हुला हूपिंग करने वाले व्यक्तियों की कमर की परिधि में उल्लेखनीय कमी आई और उनकी कोर ताकत में वृद्धि हुई, जो चलने की तुलना में अधिक प्रभावी साबित हुई।
अब सवाल यह है कि इस सरल और मजेदार व्यायाम को कैसे किया जाए? इस पर सेलिब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट पूजा मखीजा ने बताया, "यह एक साधारण व्यायाम है, जिसमें एक प्लास्टिक रिंग को कमर, कूल्हों या शरीर के अन्य हिस्सों के चारों ओर घुमाया जाता है। इसे शुरू करने के लिए हल्का या भारी हुला हूप लें। अपने पैरों को कंधे की चौड़ाई पर रखें, रिंग को कमर पर रखें और कूल्हों को गोलाकार गति में हिलाकर इसे घुमाएं। विशेषज्ञों का कहना है कि शुरुआत में इसे 5 से 10 मिनट तक करना चाहिए और धीरे-धीरे समय बढ़ाना चाहिए।"
विशेषज्ञों के अनुसार, हुला हूपिंग की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे जिम के अलावा घर पर भी आसानी से किया जा सकता है।
इससे मिलने वाले लाभ भी कई हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि हुला हूपिंग एक फुल-बॉडी वर्कआउट है, जो कोर मांसपेशियों को मजबूत करता है और कमर को टोन करता है। यह कार्डियो और स्ट्रेंथ ट्रेनिंग का बेहतरीन मिश्रण है। नियमित अभ्यास से पेट की चर्बी कम होती है, लचीलापन बढ़ता है और तनाव भी घटता है। यह व्यायाम मजेदार तरीके से कैलोरी बर्न करता है, जिससे फिटनेस का लक्ष्य बोरिंग नहीं लगता। बच्चे से लेकर बड़े तक, सभी इसे आसानी से कर सकते हैं।
हालांकि, हुला हूपिंग करते समय कुछ सावधानियों का ध्यान रखना आवश्यक है। इसे शुरू करने से पहले सही आकार का हूप चुनें; बड़ा हूप शुरुआती लोगों के लिए आसान होता है। यदि आपको पीठ दर्द या कोई चोट है, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है। शुरुआत में अधिक जोर नहीं लगाना चाहिए और धीरे-धीरे गति बढ़ानी चाहिए। अभ्यास करने से पहले सुनिश्चित करें कि जगह खुली और बड़ी हो, ताकि रिंग किसी चीज से टकराए न। हल्के कपड़े और आरामदायक जूते पहनें।