पंजाब किंग्स पर स्लो ओवर रेट के लिए जुर्माना, श्रेयस अय्यर को 24 लाख का दंड
पंजाब किंग्स पर कार्रवाई
नई दिल्ली: श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली पंजाब किंग्स को लगातार दूसरे मैच में स्लो ओवर रेट के मामले में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा सख्त दंड का सामना करना पड़ा है। टीम ने शुक्रवार को चेन्नई सुपर किंग्स को हराकर जीत हासिल की, लेकिन इसके बावजूद कप्तान और पूरी टीम पर जुर्माना लगाया गया।
चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में हुए इस मुकाबले में पंजाब किंग्स ने चेन्नई को पांच विकेट से हराया। हालांकि, चेन्नई की पारी के दौरान टीम निर्धारित समय में अपने ओवर पूरे नहीं कर सकी, जिससे यह इस सीजन में उनका दूसरा स्लो ओवर-रेट अपराध बन गया।
मैच के बाद जारी एक बयान में बताया गया कि यह मामला इंडियन प्रीमियर लीग की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के अंतर्गत आता है, जो न्यूनतम ओवर-रेट से संबंधित है। दूसरी बार दोषी पाए जाने पर श्रेयस अय्यर पर 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। वहीं, प्लेइंग इलेवन के अन्य खिलाड़ियों और इम्पैक्ट प्लेयर पर छह लाख रुपये या उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत (जो भी कम हो) का जुर्माना लगाया गया है।
इससे पहले, गुजरात के खिलाफ मैच में भी श्रेयस पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था। नियमों के अनुसार, यदि टीम तीसरी बार स्लो ओवर रेट की दोषी पाई जाती है, तो कप्तान पर 30 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही, अन्य खिलाड़ियों पर 12-12 लाख रुपये या मैच फीस का 50 प्रतिशत (जो भी कम हो) जुर्माना लगाया जाएगा। हालांकि, कप्तान पर मैच बैन का प्रावधान अब हटा दिया गया है।
