IPL 2026: रामकृष्ण घोष चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर
नई दिल्ली: सीएसके को चोटों का सामना
नई दिल्ली: चेन्नई सुपर किंग्स IPL 2026 में चोटों की समस्या से जूझ रही है। पहले से ही कई महत्वपूर्ण खिलाड़ी चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। अब इस सूची में एक और नाम जुड़ गया है। यह जानकारी सीएसके ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की है। 2 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए मैच में टीम के ऑलराउंडर रामकृष्ण घोष चोटिल हो गए थे। अब यह रिपोर्ट आई है कि वह पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
डेब्यू मैच में चोटिल हुए रामकृष्ण घोष
आपको बता दें कि रामकृष्ण घोष अपने डेब्यू मैच में ही चोटिल हुए। उनकी चोट इतनी गंभीर है कि उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा। सीएसके ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट करते हुए कहा, 'चेपॉक में सीएसके बनाम एमआई मैच के दौरान रामकृष्ण घोष के दाहिने पैर में फ्रैक्चर हो गया। अब वह IPL 2026 में आगे हिस्सा नहीं लेंगे।' फ्रेंचाइजी ने उनके जल्द ठीक होने की कामना की है। बताया जा रहा है कि नमन धीर के खिलाफ गेंदबाजी करते समय रामकृष्ण का संतुलन बिगड़ गया और उन्हें चोट लग गई।
OFFICIAL ANNOUNCEMENT:
Ramakrishna Ghosh sustained a fracture to his right foot during the CSK v MI match at Chepauk.
He will take no further part in IPL 2026.
Get well soon, Rambo. pic.twitter.com/CQve4zLixG
— Chennai Super Kings (@ChennaiIPL) May 3, 2026
चोट बनी CSK का सिरदर्द
घोष का बाहर होना सीएसके के लिए एक बड़ा झटका है, क्योंकि वह इस सीजन पहले खिलाड़ी नहीं हैं जो चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो रहे हैं। इससे पहले भारतीय तेज गेंदबाज खलील अहमद और युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे भी चोट के कारण बाहर हो चुके हैं।
सीजन की शुरुआत से पहले ही टीम के तेज गेंदबाजी विकल्प सीमित थे, क्योंकि विदेशी तेज गेंदबाज नाथन एलिस चोट के कारण अनुपलब्ध थे। उनके स्थान पर आए स्पेंसर जॉनसन को भी फिटनेस संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ा और वे हाल ही में वापसी कर पाए हैं।
धोनी की वापसी की स्थिति अनिश्चित
इतना ही नहीं, सीएसके के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी चोटिल होने के कारण अभी तक एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं। उनकी वापसी की कोई निश्चित तारीख भी नहीं है।
