IPL 2026: गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को 77 रन से हराया
गुजरात टाइटंस की शानदार जीत
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 52वां मैच शनिवार (9 मई) को जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स (RR) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच हुआ। इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को 77 रन से हराया। GT ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर 229 रन बनाए। जवाब में, RR की टीम 16.3 ओवर में 152 रन पर सिमट गई।
इस जीत के साथ GT ने पॉइंट्स टेबल में 3 स्थानों की छलांग लगाई और वह दूसरे स्थान पर पहुंच गई। उसके पास टॉप पर मौजूद सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के समान 14 पॉइंट्स हैं, लेकिन वह नेट रन रेट के आधार पर SRH से पीछे है। GT के नंबर-2 पर आने से पंजाब किंग्स (PBKS) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को एक-एक स्थान नीचे आना पड़ा, जबकि RR टॉप-4 से बाहर हो गई।
सुदर्शन और गिल की रिकॉर्ड साझेदारी
सुदर्शन-गिल के बीच रिकॉर्ड साझेदारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी GT को कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने शानदार शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर 118 रन की ओपनिंग साझेदारी की। IPL में पहले विकेट के लिए गिल और सुदर्शन के बीच यह छठी शतकीय साझेदारी है। उन्होंने डेविड वॉर्नर-शिखर धवन और अभिषेक शर्मा-ट्रेविस हेड के रिकॉर्ड की बराबरी की।
सुदर्शन ने 36 गेंदों में 55 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद भी गिल ने 44 गेंदों में 84 रन की पारी खेली। अंतिम ओवरों में वॉशिंगटन सुंदर (20 गेंदों में नाबाद 37 रन) और राहुल तेवतिया (4 गेंदों में नाबाद 14 रन) ने तेज बल्लेबाजी कर GT को एक बड़ा स्कोर बनाने में मदद की।
RR की पारी में गिरावट
वैभव सूर्यवंशी के आउट होते ही लड़खड़ा गई RR
रन चेज में RR ने भी तेज शुरुआत की, लेकिन विस्फोटक ओपनर वैभव सूर्यवंशी के आउट होते ही उनकी पारी लड़खड़ा गई। वैभव ने 16 गेंदों में 36 रन बनाए। उनकी पारी का अंत मोहम्मद सिराज ने किया। इसके बाद कैगिसो रबाडा ने यशस्वी जायसवाल (3) और शिमरोन हेटमायर (6) का विकेट लिया। पावरप्ले के बाद राशिद खान ने 4 विकेट लेकर RR की हार सुनिश्चित की। जेसन होल्डर ने RR के निचले क्रम को निपटाया, उन्होंने 2.3 ओवर में 12 रन देकर 3 विकेट लिए।
