RCB के हेड कोच पर लगा जुर्माना, मैच में हुआ विवाद
RCB बनाम मुंबई इंडियंस मैच का रोमांच
RCB के हेड कोच पर जुर्माना: रायपुर में रविवार को आयोजित रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच का मुकाबला दर्शकों के लिए बेहद रोमांचक रहा। इस मैच में आरसीबी ने दो विकेट से जीत हासिल की और पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई। दूसरी ओर, पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस अब प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई है। हालांकि, इस मैच के दौरान आरसीबी के हेड कोच एंडी फ्लावर और अंपायर के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद बीसीसीआई ने कड़ा कदम उठाया।
आईपीएल द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के हेड कोच एंडी फ्लावर पर आईपीएल के खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के लिए निर्धारित आचार संहिता के लेवल 1 का उल्लंघन करने के लिए उनकी मैच फीस का 15% जुर्माना लगाया गया है। एंडी को आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.3 का उल्लंघन करते हुए पाया गया, जो "मैच के दौरान ज़ोर से अश्लील शब्दों का इस्तेमाल करने" से संबंधित है। यह घटना 17.2 ओवर के दौरान हुई, जब एंडी ने चौथे अंपायर से आक्रामक तरीके से बात की। एंडी ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और मैच रेफरी अमित शर्मा द्वारा निर्धारित सजा को मान लिया।
