सविता ने रचा इतिहास, 300 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली दूसरी भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी बनीं

-हॉकी इंडिया ने भी दी बधाई
भुवनेश्वर, 24 फरवरी (हि.स.)। भारतीय महिला हॉकी टीम की अनुभवी गोलकीपर सविता पुनिया ने सोमवार को एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। उन्होंने एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2024/25 में नीदरलैंड्स के खिलाफ मुकाबले में अपना 300वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेला। इस खास मुकाम तक पहुंचने वाली वह दूसरी भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई हैं। सविता से पहले वंदना कटारिया ने यह उपलब्धि हासिल की थी।
हॉकी इंडिया ने सविता को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी। इस मौके पर हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप तिर्की ने कहा, सविता भारतीय हॉकी की मजबूत दीवार रही हैं। 300 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलना उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण का प्रमाण है। वह युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा हैं, खासतौर पर उन गोलकीपर्स के लिए जो उनके नक्शेकदम पर चलना चाहते हैं।
हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने भी सविता की सराहना करते हुए कहा, उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। हमें पूरा विश्वास है कि वह आने वाले वर्षों में टीम को और ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी।
अपनी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए सविता ने कहा, भारत के लिए 300 मैच खेलना मेरे लिए बेहद खास और भावनात्मक क्षण है। यह एक अविस्मरणीय सफर रहा है। मैं हॉकी इंडिया, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया, अपने परिवार, टीम के साथियों और सहयोगी स्टाफ की आभारी हूं, जिन्होंने हमेशा मेरा समर्थन किया। भारतीय टीम के लिए खेलना मेरे लिए गर्व की बात है, और मैं आगे भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने के लिए प्रतिबद्ध हूं।
शानदार करियर और अविस्मरणीय उपलब्धियां-
सविता पुनिया ने महज 20 साल की उम्र में भारतीय सीनियर टीम के लिए पदार्पण किया था और तब से लेकर अब तक वह भारतीय हॉकी की प्रमुख खिलाड़ियों में से एक बनी हुई हैं। उन्होंने टोक्यो ओलंपिक 2021 में भारत के ऐतिहासिक चौथे स्थान पर पहुंचने में अहम भूमिका निभाई थी। इसके अलावा, वह रियो ओलंपिक 2016 और 2018 हॉकी विश्व कप में भी भारतीय टीम की हिस्सा रही थीं।
एक कप्तान के रूप में भी सविता ने भारतीय टीम को कई शानदार जीत दिलाई है। उपलब्धियों में 2022 बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में कांस्य पदक, एफआईएच नेशंस कप 2022 में खिताबी जीत, 2023 और 2024 महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में लगातार दो स्वर्ण पदक शामिल है।
वहीं सविता के खेल प्रदर्शन के मद्देनजर उन्हें अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इसके अलावा, 2022 और 2023 में हॉकी इंडिया बलबीर सिंह सीनियर पुरस्कार, लगातार तीन बार एफआईएच गोलकीपर ऑफ द ईयर अवॉर्ड (2020-21, 2021-22, 2022-23) भी उन्हें मिला है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय