इंटर मिलान ने लाजियो को हराकर कोप्पा इटालिया का खिताब जीता
इंटर मिलान की ऐतिहासिक जीत
रोम: इंटर मिलान ने लाजियो को 2-0 से हराकर कोप्पा इटालिया का दसवां खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ, टीम ने इस सीजन में ऐतिहासिक 'डोमेस्टिक डबल' पूरा किया। मई में, इंटर मिलान ने तीन मैचों के शेष रहते हुए 21वां सीरी ए खिताब जीता था। पहले गोल के लिए मार्कस थुरम ने फेडेरिको डिमार्को के कॉर्नर पर शानदार हेडर किया, जो लाजियो के एडम मारुसिक से टकराकर गोल में चला गया। इसके बाद, 35वें मिनट में, डेनजेल डमफ्रीज के पास को लुटारो मार्टिनेज ने खाली गोल पोस्ट में डालकर बढ़त को दोगुना किया।
लाजियो के खिलाफ फाइनल में मिली इस शानदार जीत के बाद, इंटर मिलान के मैनेजर क्रिस्टियन चिवु ने अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा, 'इंटर ने इस सीजन में दो ट्रॉफी जीती हैं, और हम इसके हकदार थे क्योंकि हमारा अभियान बहुत अच्छा रहा। हम उन सभी चीजों के लिए खुश हैं जो हमने वर्षों में हासिल की हैं।'
उन्होंने आगे कहा, 'हमारे जबरदस्त फैंस और क्लब के लिए खुशी की बात है, जिन्होंने हमेशा हमारा समर्थन किया है। लीग और कोप्पा इटालिया जीतना कोई साधारण बात नहीं है; दो ट्रॉफी जीतना कभी आसान नहीं होता।'
लौटारो मार्टिनेज ने कहा, 'यह हमारे लिए एक महत्वपूर्ण और आवश्यक जीत है, पिछले साल के बाद वापसी करना आसान नहीं था। हम खेल, गति, प्रदर्शन और परिणामों के मामले में एक महत्वपूर्ण सीजन बनाने में सफल रहे हैं। मैं खुश हूं कि हम साल को दो ट्रॉफियों के साथ समाप्त कर रहे हैं; यह हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। हाल के वर्षों में इंटर मिलान के बारे में बहुत बातें होती हैं, लेकिन हमें खिताब जीतने के लिए इसी रास्ते पर चलते रहना होगा।'
