एमएस धोनी की चोट से चेन्नई सुपरकिंग्स को झटका, IPL 2026 में हो सकते हैं बाहर
धोनी की चोट और आईपीएल 2026 की शुरुआत
एमएस धोनी की चोट: आज (28 मार्च 2026) आईपीएल के 19वें सीजन का आगाज होने जा रहा है। इस नए सीजन का उद्घाटन मैच गत विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच बेंगलुरु में खेला जाएगा। लेकिन इससे पहले चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए एक बुरी खबर आई है। टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी एमएस धोनी चोटिल हो गए हैं, जिसके कारण वह कुछ हफ्तों के लिए लीग से बाहर रह सकते हैं।
क्रिकबज की एक रिपोर्ट के अनुसार, एमएस धोनी आईपीएल 2026 के पहले दो हफ्तों में शायद खेल नहीं पाएंगे, क्योंकि वह पिंडली की चोट से जूझ रहे हैं। सीजन के पहले मैच की सुबह चेन्नई सुपर किंग्स ने एक बयान जारी कर बताया कि धोनी पिंडली की चोट के लिए रिहैबिलिटेशन (इलाज) करवा रहे हैं। ऐसे में टीम को टूर्नामेंट के शुरुआती दौर में अपने स्टार खिलाड़ी के बिना खेलना पड़ सकता है।
चेन्नई सुपर किंग्स का पहला मुकाबला 30 मार्च को गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होगा। धोनी, जो इस साल 45 वर्ष के हो जाएंगे, CSK टीम में शामिल चार विकेटकीपरों में से एक हैं। उनके अलावा टीम में संजू सैमसन (जिन्हें राजस्थान रॉयल्स से ट्रेड किया गया था), कार्तिक शर्मा और उर्विल पटेल भी शामिल हैं। 278 मैचों के साथ, धोनी आईपीएल के इतिहास में सबसे अधिक मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं।
