न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को हराकर सीरीज में की वापसी
NZ vs SA 2nd T20I का सारांश
NZ vs SA 2nd T20I Highlights: न्यूजीलैंड की क्रिकेट टीम ने दूसरे टी20 मैच में साउथ अफ्रीका को 68 रनों से हराकर सीरीज में शानदार वापसी की। यह मुकाबला हैमिल्टन के सेडॉन पार्क में हुआ, जहां न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 175 रन बनाए। साउथ अफ्रीका की टीम 107 रन पर ही सिमट गई, जिससे सीरीज अब 1-1 की बराबरी पर आ गई है।
पहले मैच में न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन इस बार टीम ने सभी विभागों में बेहतरीन प्रदर्शन किया। बल्लेबाजी में डेवोन कॉन्वे ने 49 गेंदों पर 60 रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दी, जिसमें 5 चौके और 2 छक्के शामिल थे। मिचेल सैंटनर ने 20 रन और नेक केली ने 21 रन का योगदान दिया। अंत में, जोश क्लार्कसन (नाबाद 26) और कोल मैककॉन्ची (नाबाद 18) ने टीम को 175 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। साउथ अफ्रीका की ओर से वियान मुल्डर ने 2 विकेट लिए, जबकि गेराल्ड कोएत्जी, ओटनेल बार्टमैन, केशव महाराज और जॉर्ज लिंडे ने 1-1 विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और वे शुरुआती झटकों से उबर नहीं पाई। पूरी टीम 15.3 ओवर में 107 रन पर ढेर हो गई। जॉर्ज लिंडे ने 33 रन की तेज पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए। गेंदबाजी में लॉकी फर्ग्यूसन और बेन सियर्स ने 3-3 विकेट लेकर साउथ अफ्रीका की कमर तोड़ दी। सैंटनर ने 2 विकेट झटके, जबकि मैककॉन्ची और जेम्स नीशम को 1-1 सफलता मिली। न्यूजीलैंड की इस जीत ने साबित कर दिया कि टीम वापसी करना जानती है, और अब सीरीज के अगले मुकाबले और भी रोमांचक होने की उम्मीद है।
