फिन एलन ने आईपीएल 2026 में बनाया ऐतिहासिक शतक
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ केकेआर की जीत
नई दिल्ली: आईपीएल 2026 के एक रोमांचक मुकाबले में शुक्रवार को अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के बीच खेला गया। इस मैच में फिन एलन ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा। केकेआर के इस सलामी बल्लेबाज ने एक विस्फोटक शतक बनाते हुए न केवल अपनी टीम को जीत दिलाई, बल्कि आईपीएल इतिहास में कोलकाता के लिए शतक लगाने वाले चौथे बल्लेबाज भी बने। यह केकेआर के लिए सबसे तेज शतक भी था।
दिल्ली कैपिटल्स ने केकेआर को जीत के लिए केवल 143 रन का लक्ष्य दिया था, और इस छोटे लक्ष्य को पार करते हुए एलन ने 47 गेंदों में शतक पूरा किया। उन्होंने 5 चौकों और 10 छक्कों की मदद से 100 रन बनाकर नाबाद लौटे। आईपीएल में शतक लगाने वाले एलन न्यूजीलैंड के दूसरे बल्लेबाज हैं, पहले ब्रैंडन मैक्कुलम थे, जिनके नाम आईपीएल में दो शतक हैं।
केकेआर के लिए आईपीएल में पहला शतक ब्रैंडन मैक्कुलम ने 2008 में लगाया था, जब उन्होंने आरसीबी के खिलाफ 73 गेंदों में 158 रन बनाए थे। इसके बाद 2023 में वेंकटेश अय्यर ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 51 गेंदों में 104 रन की पारी खेली थी। आईपीएल 2024 में सुनील नरेन ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 56 गेंदों में 109 रन बनाकर केकेआर के लिए तीसरा शतक लगाया।
