भारत को मिली एशियन इंडोर चैंपियनशिप 2027 और एशियन रिले 2028 की मेज़बानी
भारत की खेल उपलब्धियों में नया अध्याय
भारत ने 'एशियन इंडोर चैंपियनशिप 2027' और 'एशियन रिले 2028' की मेज़बानी का अधिकार प्राप्त कर लिया है। वर्ल्ड एथलेटिक्स के उपाध्यक्ष आदिल सुमरिवाला ने बुधवार को सोशल मीडिया पर इसकी पुष्टि की। 'एशियन इंडोर चैंपियनशिप 2027' का आयोजन भुवनेश्वर में होगा, जबकि चंडीगढ़ 'एशियन रिले 2028' की मेज़बानी करेगा।
आदिल सुमरिवाला ने 'एक्स' पर भारतीय एथलेटिक्स महासंघ को बधाई दी। उन्होंने बताया कि एशियन एथलेटिक्स परिषद ने हांगकांग में यह निर्णय लिया। यह भारत के लिए गर्व का क्षण है।
इस साल मार्च में, वर्ल्ड एथलेटिक्स परिषद ने भारत को इंडोर चैंपियनशिप 2028 की मेज़बानी का अधिकार दिया था। भारत ने पिछले साल भुवनेश्वर में वर्ल्ड एथलेटिक्स के कांस्य-स्तरीय महाद्वीपीय टूर कार्यक्रम की सफलतापूर्वक मेज़बानी की थी।
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि यह ओडिशा को एक प्रमुख वैश्विक खेल केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
मुख्यमंत्री माझी ने 'एक्स' पर कहा कि ओडिशा के विश्व-स्तरीय बुनियादी ढांचे और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के सफल प्रबंधन ने इसे वैश्विक खेल जगत में एक प्रमुख केंद्र बना दिया है। एशियन एथलेटिक्स परिषद की बैठक में ओडिशा को '2027 एशियन इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप' की मेज़बानी सौंपी गई है।
उन्होंने कहा, "कलिंगा स्टेडियम में 'वर्ल्ड एथलेटिक्स इंडोर चैंपियनशिप 2028' से पहले, इस एशियन टूर्नामेंट की मेज़बानी हमारी खेल उपलब्धियों में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ती है। यह सफलता हमारी पहचान और स्वाभिमान को मजबूत करेगी।"
'एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2017' भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में आयोजित की गई थी। पिछले साल, ओडिशा ने भुवनेश्वर में वर्ल्ड एथलेटिक्स महाद्वीपीय टूर कांस्य-स्तरीय प्रतियोगिता की मेज़बानी की थी, जिसमें 200 से अधिक एथलीटों ने भाग लिया था।
