भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 2025 विश्व कप जीता, कंगना रनौत और नेताओं ने दी बधाई
महिला विश्व कप 2025 में भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 2025 का महिला विश्व कप जीतकर एक नया इतिहास रच दिया है। इस जीत पर बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
कंगना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा कि हम विश्व चैंपियन हैं। भारतीय महिला क्रिकेट टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे विश्व कप 2025 जीतने पर बधाई और शुभकामनाएं। हमारी बेटियों ने साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और टीम भावना से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। जय हिन्द।
भाजपा नेता डॉ. सुकांत मजूमदार ने कहा कि जय हो, विजयी भारत। टीम इंडिया ने महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 में शानदार जीत के साथ इतिहास रच दिया है। हमारी असाधारण महिला क्रिकेट टीम को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई। आपके साहस, जुनून और उत्कृष्टता ने देश को गर्वित किया है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि आपने इतिहास रच दिया है। आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 जीतने पर टीम इंडिया को हार्दिक बधाई। हमारी चैंपियन खिलाड़ियों ने धैर्य, कौशल और दृढ़ संकल्प का अद्भुत प्रदर्शन किया है। आपने एक पीढ़ी को प्रेरित किया है और पूरे देश को गर्वित किया है।
उन्होंने आगे कहा कि कप्तान हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स, शैफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा और सभी खिलाड़ियों को विशेष सलाम- अपने जुनून, प्रतिभा और अदम्य साहस से विश्व कप को रोशन करने के लिए। यह जीत केवल क्रिकेट की नहीं है, बल्कि सपनों, समर्पण और अजेय 'नारी शक्ति' की शक्ति की है!
ज्ञात हो कि नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में रविवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए फाइनल में भारतीय टीम ने 52 रन से जीत हासिल की। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 298 रन बनाए, जबकि दक्षिण अफ्रीका 45.3 ओवर में 246 रन पर सिमट गई।
