हरियाणा में ठंड का आगाज, 11 शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे
19 नवंबर को हल्के बादल छाने की संभावना
हरियाणा मौसम अपडेट, चंडीगढ़: ठंड का मौसम हरियाणा में दस्तक दे चुका है। पिछले कुछ दिनों से रात का तापमान लगातार गिर रहा है। प्रदेश के 11 शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है। पहले केवल करनाल, हिसार, महेंद्रगढ़ और नारनौल में ही तापमान इतना कम था। मौसम विभाग के अनुसार, यह स्थिति 18 नवंबर तक बनी रहेगी। 19 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ के चलते हल्के बादल छा सकते हैं, जिससे दिन का तापमान गिर सकता है, लेकिन रात का तापमान बढ़ने की संभावना है।
18 नवंबर तक मौसम रहेगा सूखा
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के प्रमुख डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में मौसम 18 नवंबर तक सामान्यतः सूखा रहने की उम्मीद है। 19 नवंबर को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ आएगा, जिससे बादल छाने की संभावना है। इसके परिणामस्वरूप रात का तापमान बढ़ सकता है, जबकि दिन का तापमान सामान्य या इससे कम रह सकता है। इस दौरान उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलेंगी, जिससे सुबह और शाम को हल्की ठंड महसूस की जा सकती है।
जींद में 5वीं कक्षा तक स्कूल बंद
ठंड बढ़ने के साथ ही हरियाणा के 7 शहरों में प्रदूषण का स्तर भी बढ़ गया है। बहादुरगढ़, फतेहाबाद, सोनीपत, भिवानी, चरखीदादरी, जींद और रोहतक में प्रदूषण रेड जोन में पहुंच गया है। वहीं, धारूहेड़ा और नारनौल में स्थिति और भी खराब है। प्रशासन ने जींद में प्रदूषण के कारण पांचवीं कक्षा तक स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है।
