योगी सरकार ने शिक्षा विभाग में प्रशासनिक बदलाव किए, नई जिम्मेदारियां सौंपी
शिक्षा विभाग में नए प्रशासनिक दायित्व
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार शिक्षा प्रणाली को और अधिक प्रभावी, जवाबदेह और परिणामोन्मुख बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इसी दिशा में शिक्षा विभाग में महत्वपूर्ण प्रशासनिक दायित्वों का निर्धारण किया गया है। शासन ने अनुभवी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपकर विभागीय नेतृत्व को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
जारी आदेश के अनुसार, वर्तमान में प्रभारी शिक्षा निदेशक (बेसिक), उत्तर प्रदेश, लखनऊ के पद पर कार्यरत प्रताप सिंह बघेल को प्रभारी शिक्षा निदेशक (माध्यमिक), उत्तर प्रदेश, प्रयागराज/लखनऊ का दायित्व सौंपा गया है। वहीं, प्रभारी निदेशक, साक्षरता एवं वैकल्पिक शिक्षा, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के पद पर कार्यरत अनिल भूषण चतुर्वेदी को प्रभारी शिक्षा निदेशक (बेसिक), उत्तर प्रदेश, लखनऊ की जिम्मेदारी दी गई है।
शिक्षा विभाग में इस महत्वपूर्ण दायित्व निर्धारण को प्रशासनिक दक्षता और प्रभावी अनुश्रवण को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रताप सिंह बघेल और अनिल भूषण चतुर्वेदी दोनों ही शिक्षा प्रशासन में व्यापक अनुभव रखते हैं। उनके अनुभव और नेतृत्व का लाभ विभागीय योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, प्रभावी समन्वय और समयबद्ध अनुश्रवण में मिलने की उम्मीद है।
योगी सरकार शिक्षा क्षेत्र में गुणवत्ता सुधार, प्रशासनिक पारदर्शिता और परिणाम आधारित कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। नई शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, निपुण भारत मिशन, डिजिटल शिक्षा और विद्यालयी व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण के बीच यह प्रशासनिक पुनर्विन्यास शिक्षा सुधारों को और अधिक गति देने वाला माना जा रहा है। शासन का विश्वास है कि अनुभवी अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपने से शिक्षा विभाग की कार्यक्षमता और जवाबदेही दोनों को नई मजबूती मिलेगी।
