Newzfatafatlogo

हरियाणा में मौसम का अलर्ट: 5 जिलों में आंधी-बारिश, 17 जिलों में बूंदाबांदी की संभावना

हरियाणा में मौसम विभाग ने 5 जिलों के लिए आंधी और बारिश का आॅरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 17 जिलों में बूंदाबांदी की संभावना है। विशेषज्ञों का कहना है कि जून के अंत में मानसून दस्तक दे सकता है। पिछले साल की तुलना में इस बार नौतपा का तापमान भी कम रहा है। जानें और क्या कहता है मौसम विभाग।
 | 
हरियाणा में मौसम का अलर्ट: 5 जिलों में आंधी-बारिश, 17 जिलों में बूंदाबांदी की संभावना

जून के अंत में हरियाणा में मानसून की दस्तक


चंडीगढ़ से मौसम की जानकारी: मौसम विभाग ने हरियाणा में आज बारिश की संभावना जताई है। विभाग ने 5 जिलों के लिए आंधी और बारिश का आॅरेंज अलर्ट जारी किया है। ये जिले हैं सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी। इन क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी आने की संभावना है।


इसके अलावा, 17 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, जींद, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल शामिल हैं। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है, साथ ही हवाएं भी तेज चलेंगी।


कल से मौसम में सुधार की उम्मीद


हाल के दिनों में हरियाणा में अच्छी बारिश हुई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बुधवार से मौसम साफ हो जाएगा, जिसके बाद तेज धूप के कारण उमस बढ़ सकती है। जून के अंत में मानसून हरियाणा में दस्तक दे सकता है। प्री-मानसून में हुई अच्छी बारिश से मानसून में भी अच्छी बारिश की संभावना है।


नौतपा का तापमान पिछले साल से कम


पिछले साल की तुलना में इस बार नौतपा का तापमान काफी ठंडा रहा है। 2024 में नौतपा के दौरान तापमान 49 डिग्री तक पहुंच गया था, जबकि इस बार लगातार बारिश के कारण तापमान 35 डिग्री के आसपास बना रहा।