डोनाल्ड ट्रंप ने टाइम मैगजीन के कवर पर उठाए सवाल

डोनाल्ड ट्रंप की टाइम मैगजीन पर नाराजगी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर से सोशल मीडिया की सुर्खियों में हैं। इस बार उनकी नाराजगी का कारण टाइम मैगजीन का नया कवर है, जिसमें उनकी तस्वीर प्रकाशित हुई है। ट्रंप ने इसे 'अब तक की सबसे खराब तस्वीर' करार दिया है।
उनका कहना है कि इस तस्वीर में उनके बाल गायब हैं और सिर के ऊपर कुछ अजीब सा दिख रहा है, जो किसी मुकुट जैसा प्रतीत हो रहा है।
'फोटो बेहद घटिया'
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में लिखा कि टाइम मैगजीन ने उनके बारे में एक उत्कृष्ट लेख लिखा है, लेकिन तस्वीर 'बेहद खराब' है। उन्होंने कहा, 'मेरे सिर के ऊपर कुछ अजीब तैरता हुआ दिख रहा है, जैसे कोई छोटा मुकुट हो। यह फोटो नीचे से ली गई है, और मुझे ऐसे एंगल से ली गई तस्वीरें पसंद नहीं हैं।' ट्रंप का मानना है कि यह जानबूझकर किया गया है ताकि उन्हें हास्यास्पद रूप में प्रस्तुत किया जा सके।
टाइम कवर की पृष्ठभूमि- 'हिज ट्रायम्फ'
टाइम मैगजीन के कवर पर ट्रंप आत्मविश्वास से भरे नजर आ रहे हैं, और कवर लाइन है- 'His Triumph' (उनकी जीत)। यह लेख मध्य पूर्व में ट्रंप की भूमिका और गाजा में युद्धविराम कराने में उनकी कूटनीतिक सफलता पर आधारित है। रिपोर्ट में बताया गया है कि ट्रंप ने इजरायल और हमास के बीच एक बड़े पैमाने पर बंधक-कैदी अदला-बदली समझौते को संभव बनाया। यह फोटो मिस्र के शर्म अल-शेख में हुए उस समझौते के बाद सामने आई, जिसने उन्हें वैश्विक सुर्खियों में ला दिया।
नोबेल शांति पुरस्कार के दावेदार
गाजा संघर्ष विराम के बाद कई अंतरराष्ट्रीय नेताओं ने ट्रंप को 2026 के नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित करने की मांग की है। हालांकि, इस साल यह पुरस्कार वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो को मिला। ट्रंप ने खुद दावा किया है कि उन्होंने भारत-पाकिस्तान सहित आठ बड़े अंतरराष्ट्रीय संघर्षों को समाप्त कराया है। उन्होंने कहा, 'अगर दुनिया में कोई शांति चाहता है, तो उसे मेरे कार्यकाल का रिकॉर्ड देखना चाहिए।'
टाइम मैगजीन से पुराना रिश्ता
यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने टाइम मैगजीन पर हमला किया है। फरवरी में भी उन्होंने मैगजीन का मजाक उड़ाया था, जब उसने एक फोटो में एलन मस्क को व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में बैठे दिखाया था। उस समय ट्रंप ने कहा था, 'क्या टाइम मैगजीन अभी भी चल रही है? मुझे तो लगा ये बंद हो चुकी है।' अब एक बार फिर उन्होंने उसी अंदाज में अपनी नाराजगी जाहिर की है, लेकिन इस बार मुद्दा उनके 'बालों के गायब' होने का है।