दुबई में भारतीय दूतावास ने नागरिकों को दी यात्रा संबंधी सलाह
दुबई में यात्रा पर सलाह
नई दिल्ली - दुबई में भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। इसमें भारतीय नागरिकों को गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "वर्तमान स्थिति को देखते हुए, संयुक्त अरब अमीरात में सभी भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे गैर-जरूरी यात्रा से बचें। कृपया सतर्क रहें और यूएई अधिकारियों तथा दूतावास द्वारा जारी सुरक्षा गाइडलाइंस का पालन करें।"
उन्होंने यह भी बताया कि अबू धाबी में भारतीय दूतावास और दुबई में कॉन्सुलेट सामान्य रूप से कार्य कर रहे हैं और आवश्यकता पड़ने पर अपडेट प्रदान करेंगे। किसी भी आपात स्थिति में, यूएई में भारतीय नागरिक टोल फ्री नंबर: 800-46342 और व्हाट्सएप +971543090571 पर संपर्क कर सकते हैं।
इससे पहले, रियाद में अमेरिकी दूतावास पर दो ईरानी ड्रोन हमलों के बाद आग लग गई थी, जिसके बाद अमेरिकी दूतावास ने भी एक एडवाइजरी जारी की। उन्होंने रियाद, जेद्दा और धाहरान के लिए शेल्टर-इन-प्लेस एडवाइजरी जारी की और अमेरिकी नागरिकों से अपील की कि वे तुरंत सुरक्षित स्थान पर जाएं।
बयान में कहा गया, "सऊदी अरब में अमेरिकी मिशन स्थिति पर नजर रख रहा है। हम सभी यात्रियों से अनुरोध करते हैं कि वे हमारे नवीनतम सुरक्षा अलर्ट देखें और अपनी यात्रा योजनाओं पर विचार करें।"
इसके अलावा, सभी अमेरिकी नागरिकों को एक व्यक्तिगत सुरक्षा योजना बनाने की सलाह दी गई है, ताकि विदेश में यात्रा करते समय किसी भी अप्रत्याशित स्थिति का सामना करने के लिए तैयार रहें।
